Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

मिली जानकारी के अनुसार, युवती आगरा से प्रयागराज जाने के लिए ट्रेन में सवार हुई थी। यात्रा के दौरान उसकी पहचान आगरा निवासी सुमित सिंह नामक युवक से हुई। आरोप है कि जब प्रयागराज स्टेशन पर युवती उतरने लगी तो युवक ने उसे उतरने नहीं दिया। युवती का कहना है कि इसके बाद आरोपी उसे अपने साथ जबरन आगे ले जाने लगा। युवती ने आरोप लगाया कि ट्रेन के विभिन्न स्टेशनों पर रुकने के बावजूद युवक ने उसे बाहर निकलने नहीं दिया और एक समय उसे ट्रेन के शौचालय में बंद कर दिया। विरोध करने पर चाकू और ब्लेड दिखाकर डराने-धमकाने की भी बात कही गई है।
बताया जाता है कि ट्रेन जब सासाराम स्टेशन पहुंची तो युवती ने शोर मचाना शुरू कर दिया। यात्रियों की सतर्कता से वह बाथरूम से बाहर निकल सकी और ट्रेन से उतरकर स्टेशन परिसर की ओर भागी। उसके पीछे-पीछे आरोपी युवक भी उतर गया। स्टेशन के बाहर पहुंचकर युवती ने लोगों से मदद मांगी, जिसके बाद मौजूद लोगों ने युवक को पकड़ लिया। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई, जहां युवती के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और युवती के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। वहीं, युवती ने अपने परिजनों को भी सासाराम बुलाया है। घटना के कारण स्टेशन के बाहर धर्मशाला मोड़ इलाके में काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही।