Home कुदरा कुदरा में आग का तांडव: ऑटो पार्ट्स गोदाम जलकर खाक, शॉर्ट सर्किट...

कुदरा में आग का तांडव: ऑटो पार्ट्स गोदाम जलकर खाक, शॉर्ट सर्किट की आशंका

कुदरा में ऑटो पार्ट्स की दुकान में भीषण आग, 30 लाख की संपत्ति जलकर राख

जल रही दुकान के सामने जुटी लोगों की भीड़

Bihar:  कैमूर, कुदरा नगर पंचायत में गुरुवार सुबह एक ऑटो पार्ट्स की थोक दुकान में लगी भीषण आग ने लाखों रुपये की संपत्ति को चंद घंटों में राख में बदल दिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दुकान में रखे स्पेयर पार्ट्स, मशीनरी और अन्य सामान देखते ही देखते जलकर नष्ट हो गए। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक करीब 30 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

दुकान के अंदर धधक रही आग
दुकान के अंदर धधक रही आग

 

घटना राष्ट्रीय राजमार्ग-19 की सर्विस लेन के किनारे स्थित ऑटो पार्ट्स व्यवसायी अरुण तिवारी की दुकान में सुबह लगभग 6:30 बजे हुई। बताया जा रहा है कि आग बिजली के शॉर्ट सर्किट से लगी, जिसने कुछ ही देर में पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग की सूचना मिलते ही दुकान मालिक और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पीछे का दरवाजा तोड़कर पानी की मदद से आग बुझाने की कोशिश की गई, लेकिन आग की भयावहता के सामने सभी प्रयास नाकाफी साबित हुए। देखते ही देखते दुकान से धुएं का विशाल गुबार उठने लगा और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि दुकान करीब एक घंटे तक लगातार जलती रही। लोगों ने कई बार अग्निशमन विभाग को सूचना दी, लेकिन दमकल वाहन काफी देर बाद मौके पर पहुंचा। तब तक दुकान के भीतर रखा अधिकांश सामान जल चुका था।

दुकान संचालक अरुण तिवारी ने घटना के बाद नाराजगी जताते हुए कहा कि व्यापारी नियमित रूप से कर और जीएसटी का भुगतान करते हैं, लेकिन आपात स्थिति में उन्हें समय पर सरकारी मदद नहीं मिल पाती। उन्होंने कहा कि यदि दमकल समय पर पहुंचती तो नुकसान काफी कम हो सकता था। वहीं स्थानीय लोगों ने भी अग्निशमन विभाग की व्यवस्था पर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि घटनास्थल पर पहुंचा दमकल वाहन पर्याप्त पानी के बिना आया था और उसे चालू करने में भी काफी समय लग गया। लोगों का कहना है कि दमकल की तकनीकी तैयारी और कर्मियों की तत्परता दोनों ही सवालों के घेरे में हैं। हैरानी की बात यह है कि आग लगने वाली दुकान के आसपास ही थाना, नगर पंचायत कार्यालय, प्रखंड कार्यालय, अंचल कार्यालय और रेलवे स्टेशन जैसे महत्वपूर्ण सरकारी संस्थान मौजूद हैं। इसके बावजूद आग पर समय रहते नियंत्रण नहीं पाया जा सका। घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मियों पर कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं से निपटने के लिए अग्निशमन व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया है।

Exit mobile version