Home रोहतास स्कूल में मारपीट के वायरल वीडियो के बाद सामने आया दूसरा पक्ष,...

स्कूल में मारपीट के वायरल वीडियो के बाद सामने आया दूसरा पक्ष, दो शिक्षकों पर अभद्रता के आरोप

रोहतास स्कूल मारपीट मामले में नया खुलासा, दो शिक्षकों पर अभद्रता के आरोप

Bihar: रोहतास जिले के नोखा प्रखंड स्थित चनकी उच्च माध्यमिक विद्यालय में शिक्षक-शिक्षिकाओं के बीच मारपीट का मामला सामने आने के बाद अब विवाद से जुड़ा एक नया पक्ष सामने आया है। 7 सितंबर को वायरल हुए वीडियो में दो शिक्षिकाओं द्वारा एक शिक्षक की पिटाई करते हुए देखा गया था। इसके बाद पूरे मामले को लेकर स्कूल के माहौल और शिक्षकों के व्यवहार पर सवाल उठने लगे थे। बताया जा रहा है कि विद्यालय के दो शिक्षक अभिषेक उपाध्याय और उमेश कुमार के खिलाफ इससे पहले भी शिक्षकों और शिक्षिकाओं के साथ कथित अभद्र व्यवहार तथा विद्यालय में तनावपूर्ण माहौल बनाने की शिकायत की गई थी। आरोप है कि करीब चार महीने पहले मामले की जानकारी नोखा प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को दी गई थी। शिकायत के बाद शिक्षा पदाधिकारी विद्यालय पहुंचे थे और संबंधित शिक्षकों से लिखित माफीनामा भी लिया गया था।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

 

5 सितंबर की घटना के बाद बढ़ा विवाद

बताया गया कि 5 सितंबर को शिक्षक अभिषेक उपाध्याय और उमेश कुमार ने शिक्षक नित्यानंद भारती के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज की और रॉड से मारपीट की। इस घटना में नित्यानंद भारती के घायल होने की बात सामने आई है। आरोप है कि बीच-बचाव करने पहुंचीं शिक्षिका उमा कुमारी और अंजू कुमारी के साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया। इसमें उमा कुमारी के कपड़े फटने का आरोप लगाया गया है।

7 सितंबर को फिर शुरू हुआ विवाद

मामला यहीं शांत नहीं हुआ। आरोप है कि 7 सितंबर को दोनों शिक्षकों द्वारा दोनों महिला शिक्षिकाओं का मजाक उड़ाया जाने लगा। इससे नाराज होकर शिक्षिकाओं ने शिक्षक की पिटाई कर दी। इसी दौरान दूसरे आरोपी शिक्षक द्वारा घटना का वीडियो बनाए जाने की बात कही जा रही है। यही वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद मामला चर्चा में आया। वायरल वीडियो के आधार पर सामने आई घटना के बाद अब पूर्व की शिकायत और 5 सितंबर की कथित मारपीट को भी पूरे विवाद की कड़ी के तौर पर देखा जा रहा है।

शिक्षा विभाग ने की कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी ने विद्यालय के संबंधित शिक्षकों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की है। इसके साथ ही शिक्षकों को जिले के अलग-अलग प्रखंडों में प्रतिनियुक्त किए जाने की जानकारी सामने आई है। पूरे घटनाक्रम ने सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों के आपसी व्यवहार और कार्यस्थल पर अनुशासन को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। हालांकि, सामने आए आरोपों की अंतिम पुष्टि विभागीय जांच और संबंधित अधिकारियों की रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

 

 

Exit mobile version