Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

अधिकारियों को सूचना मिली थी कि कुदरा नदी के घाट पर नियमों की अनदेखी कर बड़े पैमाने पर बालू का खनन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर गठित टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और अवैध गतिविधियों में लगे वाहनों को कब्जे में ले लिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से बालू कारोबार से जुड़े लोगों में अफरा-तफरी मच गई। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में रामगढ़ थाना क्षेत्र के अहिवास गांव निवासी धनंजय राम, मोहनिया थाना क्षेत्र के छोटकी कुल्हड़ियां निवासी अजय शर्मा तथा रामगढ़ थाना क्षेत्र के ठकुरा गांव निवासी धनजी सिंह शामिल हैं। तीनों को हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
खनन विभाग की जांच में अवैध खनन और परिवहन की पुष्टि होने के बाद संबंधित लोगों पर कुल 12 लाख 67 हजार 450 रुपये का आर्थिक दंड लगाया गया है। अधिकारियों ने कहा कि सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने वाले तत्वों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन का कहना है कि जिले के विभिन्न नदी घाटों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। अवैध खनन की सूचना मिलने पर तत्काल छापेमारी की जाएगी। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध बालू खनन या परिवहन की जानकारी मिले तो इसकी सूचना संबंधित विभाग या पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।