Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

ऑनलाइन सुनवाई से समय और पैसे की होगी बचत
RCMS प्रणाली की प्रमुख विशेषता राजस्व न्यायालयों में ऑनलाइन सुनवाई की सुविधा है। इसके माध्यम से संबंधित पक्षकार निर्धारित प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन माध्यम से अपनी बात रख सकेंगे। इससे लोगों को सुनवाई के लिए बार-बार न्यायालय पहुंचने, यात्रा पर खर्च करने और कामकाज छोड़ने की परेशानी से राहत मिलेगी। इस व्यवस्था के तहत न्यायालय में होने वाली सुनवाई की वीडियो रिकॉर्डिंग भी सुरक्षित रखी जाएगी। इससे प्रत्येक सुनवाई का डिजिटल रिकॉर्ड उपलब्ध रहेगा और न्यायिक प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा जवाबदेही बनाए रखने में मदद मिलेगी।
लंबित मामलों और आदेशों की होगी ऑनलाइन निगरानी
नई प्रणाली के माध्यम से राजस्व न्यायालयों में चल रहे मामलों, सुनवाई की तारीखों और पारित आदेशों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी। प्रत्येक मामले की प्रगति पर नजर रखी जाएगी, ताकि अनावश्यक देरी को नियंत्रित करते हुए लंबित मामलों का निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन किया जा सके।
डीएम ने CO और DCLR को दिए निर्देश
समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने सभी अंचल अधिकारियों और भूमि सुधार उप समाहर्ताओं को निर्देश दिया कि RCMS पोर्टल पर मामलों से संबंधित सभी आवश्यक जानकारियां, अभिलेख, सुनवाई की तिथियां और पारित आदेश नियमित रूप से अपडेट किए जाएं। ऑनलाइन सुनवाई निर्धारित समय पर सुनिश्चित करने के साथ प्रत्येक सुनवाई की वीडियो रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने का भी निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि प्रणाली के संचालन में आने वाली तकनीकी और प्रक्रियागत समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए। सभी संबंधित पदाधिकारी इस व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर लागू करें, ताकि आम नागरिकों को इसका लाभ मिल सके। जिलाधिकारी ने अपर समाहर्ता को जिले में RCMS प्रणाली के क्रियान्वयन की नियमित समीक्षा और निगरानी करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी अनुमंडलों और अंचलों में संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक प्रशिक्षण तथा तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने को कहा।
डिजिटल व्यवस्था से राजस्व सेवाओं में पारदर्शिता लाने की पहल
जिलाधिकारी ने कहा कि ‘सबका सम्मान–जीवन आसान’ का उद्देश्य आम नागरिकों को सरकारी सेवाएं सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराना है। RCMS प्रणाली इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे नागरिकों का समय और संसाधन बचेंगे तथा मामलों की सुनवाई और आदेशों की निगरानी की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित होगी। जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि सात निश्चय-3 और ‘सबका सम्मान–जीवन आसान’ के उद्देश्यों के अनुरूप जिले के सभी राजस्व न्यायालयों में RCMS प्रणाली के सफल क्रियान्वयन के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।