Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार अरबिंद यादव गुजरात में रहकर काम करते थे। उनकी पत्नी का मायका धनबाद में है। पत्नी को उसके मायके छोड़ने के लिए वह धनबाद गए थे। गुरुवार शाम पत्नी को छोड़ने के बाद वह गुजरात लौटने के लिए ट्रेन में सवार हुए थे। बताया जाता है कि शुक्रवार को भभुआ रोड स्टेशन के पश्चिम किसी समय वह चलती ट्रेन से नीचे गिर गए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलने पर जीआरपी भभुआ रोड एवं आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल अनुमंडल अस्पताल मोहनियां भेजा गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटनास्थल मोहनियां थाना क्षेत्र में होने के कारण स्थानीय पुलिस भी अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू की। मृतक के मोबाइल फोन में मिले संपर्क नंबरों के आधार पर परिजनों को सूचना दी गई, जिसके बाद परिवार में मातम छा गया। परिजनों के मोहनियां पहुंचने के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक दुर्घटनावश ट्रेन से गिरा या इसके पीछे कोई अन्य कारण था। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।



