Homeकैमूरकैमूर में सड़क हादसे ने उजाड़ा परिवार: भाई के साथ जा रही...

कैमूर में सड़क हादसे ने उजाड़ा परिवार: भाई के साथ जा रही महिला की डंपर की टक्कर से मौत, तीन बच्चों के सिर से उठा मां का साया

कैमूर सड़क हादसा: तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम

Bihar: कैमूर जिले में तेज रफ्तार वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को सोनहन थाना क्षेत्र में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की जान चली गई। हादसे के बाद मृतका के परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार, सोनहन थाना क्षेत्र के पंचगांवा गांव निवासी रिंकू देवी (38 वर्ष) अपने भाई के साथ बाइक से सोनहन बाजार पैसे निकालने जा रही थीं। इसी दौरान सोनहन पेट्रोल पंप के समीप बारे मोड़ के पास पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रिंकू देवी सड़क पर गिर गईं और उनके सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट लग गई।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल महिला को उपचार के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मृतका के पति मुन्ना राम ने बताया कि उनकी पत्नी घर से बैंक संबंधी कार्य के लिए निकली थीं। दुर्घटना के बाद डंपर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतमाला परियोजना में लगे भारी वाहन अत्यधिक गति से सड़कों पर दौड़ रहे हैं, जिसके कारण जिले में लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं।

उन्होंने जिला प्रशासन से भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण लगाने और पीड़ित परिवार को सरकारी मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है। उधर, सूचना मिलने के बाद सोनहन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा फरार डंपर और चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। बताया जाता है कि रिंकू देवी अपने पीछे दो पुत्र अभिमन्यु कुमार और अमित कुमार, तथा एक पुत्री खुशबू कुमारी को छोड़ गई हैं। मां की असमय मौत से बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments