Home भगवानपुर कैमूर के मातर गांव में चोरी की बड़ी वारदात, एक ही रात...

कैमूर के मातर गांव में चोरी की बड़ी वारदात, एक ही रात चार घरों में धावा; ग्रामीणों ने एक आरोपी दबोचा

कैमूर के मातर गांव में एक रात चार घरों में चोरी, ग्रामीणों ने एक चोर पकड़ पुलिस को सौंपा

Bihar: कैमूर जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के मातर गांव में मंगलवार की रात चोरों ने जमकर उत्पात मचाया। 3 से 4 की संख्या में पहुंचे बदमाशों ने गांव के चार अलग-अलग घरों को निशाना बनाते हुए नकदी, जेवरात और घरेलू सामान की चोरी कर ली। हालांकि ग्रामीणों की सतर्कता से एक आरोपी को पकड़ लिया गया, जिसे बाद में पुलिस के हवाले कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, चोरी की यह घटना मातर गांव निवासी मनोज बिंद, निशा देवी, जसनु कुमार और नन्हें बिंद के घरों में हुई। देर रात जब लोगों को चोरी की भनक लगी तो ग्रामीणों ने चोरों का पीछा किया। इस दौरान एक युवक को पकड़ने में सफलता मिली, जबकि उसके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

पीड़ित मनोज बिंद ने बताया कि चोरों ने उनके घर का बक्सा तोड़कर 12 हजार रुपये नकद और बेटी की गुल्लक से 2 हजार रुपये चुरा लिए। वहीं निशा देवी ने बताया कि उनके घर से सोने का मंगलसूत्र और कान की बाली गायब है। इधर जसनु कुमार ने आवेदन में बताया कि चोर उनके घर से 5 हजार रुपये नकद और एलसीडी टीवी उठा ले गए। जबकि नन्हें बिंद ने 7 हजार रुपये चोरी होने की बात कही। उन्होंने बताया कि चोर उनकी एलसीडी टीवी को पुआल में छिपाकर रखे थे, जिसे बाद में बरामद कर लिया गया। इतना ही नहीं, बदमाशों ने घर के बाहर बंधी भैंस को भी खोलकर ले जाने की कोशिश की, लेकिन भैंस भागकर वापस घर पहुंच गई।

ग्रामीणों द्वारा पकड़ा गया आरोपी चैनपुर थाना क्षेत्र के बौरई गांव निवासी राहुल पटेल बताया जा रहा है। लोगों का कहना है कि चोरी की वारदात में शामिल अन्य आरोपी सामान को अलग-अलग स्थानों तक पहुंचाने में सफल रहे। घटना की सूचना मिलने के बाद भगवानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। थाना अध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर फरार अन्य चोरों की तलाश की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Exit mobile version