Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

इसी दौरान कॉलेज से लगभग 100 मीटर दूर पहले से घात लगाए 12 से 15 युवकों ने उनकी कार को घेर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने कार में बैठे छात्रों को जबरन बाहर निकाला और उन पर रॉड व धारदार हथियार से हमला शुरू कर दिया। बीच सड़क पर हुई इस हिंसक वारदात से इलाके में दहशत फैल गई। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मारपीट को रोका। इस दौरान दो युवकों को पकड़ लिया गया, जबकि बाकी आरोपी मौके से फरार हो गए। पकड़े गए युवकों की पहचान मोहनिया थाना क्षेत्र के लड़िया गांव निवासी 17 वर्षीय त्रिपुरारी सिंह और शिवम कुमार के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही भगवानपुर थाना प्रभारी चंद्रशेखर शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और कार्रवाई करते हुए दो बाइक जब्त कर ली। इनमें एक अपाचे बाइक (BR 45 T 4723) और दूसरी बिना नंबर की आर-वन फाइव बाइक शामिल है।
हमले में शेरशाह इंजीनियरिंग कॉलेज के अंतिम वर्ष के छात्र साहिल राज और ललित राज घायल हुए हैं। दोनों को इलाज के लिए बाबू शिव गोविंद प्रसाद मेमोरियल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। अस्पताल के चिकित्सक डॉ. मंजर हुसैन ने बताया कि एक छात्र की हालत गंभीर थी, जबकि दूसरे की स्थिति सामान्य है। घायल छात्र साहिल राज की ओर से भगवानपुर थाने में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। आवेदन में 12 से 15 युवकों पर जान से मारने की नीयत से हमला करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने तीन आरोपियों की पहचान होने की बात कही है, जबकि अन्य हमलावरों की तलाश जारी है। थानाध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा ने बताया कि मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार बदमाशों की पहचान की जा सके। फिलहाल पुलिस घटना के पीछे की वजह जानने में जुटी हुई।