Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

मिली जानकारी के अनुसार, मरची गांव निवासी देवनाथ सिंह ने कसेर गांव के तेज प्रताप सिंह उर्फ जमुना सिंह उर्फ टेगर सिंह से 15 डिसमिल जमीन खरीदने के लिए एग्रीमेंट कराया था। आरोप है कि बाद में केवल 7 डिसमिल जमीन की ही रजिस्ट्री कराई गई। इसी बीच जमीन विक्रेता की मृत्यु हो गई। मृतक की पत्नी का कहना है कि जितनी राशि प्राप्त हुई थी, उसके अनुसार उतनी ही जमीन की रजिस्ट्री की जा चुकी है। वहीं दूसरी ओर शेष जमीन की रजिस्ट्री कराने को लेकर लगातार दबाव बनाए जाने की बात सामने आ रही है। इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से तनाव बना हुआ था।
बताया जा रहा है कि रविवार देर रात विवाद अचानक बढ़ गया और फायरिंग शुरू हो गई। गोली देवनाथ सिंह के पैर में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से चार खोखे बरामद किए हैं। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और फायरिंग में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। भगवानपुर थाना पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला भूमि विवाद से जुड़ा हुआ प्रतीत होता है। दोनों पक्षों से जानकारी जुटाई जा रही है। आवेदन प्राप्त होने के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।