Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

जानकारी के अनुसार, भभुआ निवासी अविनाश कुमार अपने परिवार के साथ भतीजे की शादी में शामिल होने के लिए फकराबाद गए थे। वहां से बारात मसंई भगवानपुर जानी थी। इसी दौरान एक बुजुर्ग (दूल्हे के दादाजी) के गाड़ी में नहीं बैठ पाने को लेकर ड्राइवर और बारातियों के बीच बहस हो गई। ड्राइवर ने बुजुर्ग को बैठाने से मना कर दिया, जिसके बाद उन्हें दूसरे साधन से भेजा गया।
बताया जाता है कि इसके कुछ देर बाद जब बाराती अपने-अपने वाहनों से निकल रहे थे, तभी बिऊर गांव के पास अविनाश कुमार की गाड़ी को कुछ लोगों ने रोक लिया।
आरोप है कि आधा दर्जन से अधिक लोगों ने अचानक हमला कर दिया और जमकर मारपीट की। हमले के दौरान अविनाश कुमार के गले से सोने की चेन छीन ली गई। वहीं अंगूठी निकालने के प्रयास में उनका हाथ भी तोड़ दिया गया। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके भाई सोनू कुमार, पत्नी शांति देवी समेत अन्य परिजनों को भी पीटा गया। इस घटना में कुल पांच लोग घायल हुए हैं। आरोपियों ने अविनाश की अर्टिगा कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। इस मामले में चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि मारपीट की सूचना पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। अभी तक कोई लिखित आवेदन नहीं मिला है, आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।