Home दुर्गावती कैमूर में बर्थडे पार्टी का वीडियो बना गिरफ्तारी की वजह, हथियार प्रदर्शन...

कैमूर में बर्थडे पार्टी का वीडियो बना गिरफ्तारी की वजह, हथियार प्रदर्शन करने वाला युवक पुलिस के शिकंजे में

कैमूर: बर्थडे पार्टी में पिस्तौल लहराने वाला युवक गिरफ्तार, वायरल वीडियो पर पुलिस की कार्रवाई

Bihar: दुर्गावती (कैमूर): सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने कैमूर जिले के दुर्गावती थाना क्षेत्र के डुमरी गांव निवासी एक युवक को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। बर्थडे पार्टी के दौरान कथित तौर पर पिस्तौल लहराते हुए दिखाई देने वाले युवक को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, वीडियो में दिखाई दे रहे हथियार की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवक की पहचान आरजू कुरैशी, पिता इकराम कुरैशी, निवासी ग्राम डुमरी, थाना दुर्गावती के रूप में हुई है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक समारोह के दौरान युवक हाथ में हथियार लेकर प्रदर्शन करता नजर आ रहा था। कार्यक्रम में मौजूद किसी व्यक्ति ने इसका वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर साझा कर दिया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल होने लगा।

वीडियो पुलिस के संज्ञान में आते ही मामले की जांच शुरू की गई। जांच के दौरान युवक की पहचान की गई और बुधवार सुबह उसके घर पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वीडियो में दिखाई देने वाला हथियार कहां से आया था।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जिस पिस्तौल को युवक वीडियो में लहराता दिखाई दे रहा है, उसकी बरामदगी अब तक नहीं हो सकी है। आरोपी की निशानदेही पर संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही हथियार के वैध या अवैध होने सहित अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। इस संबंध में दुर्गावती थानाध्यक्ष गिरीश कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर युवक को गिरफ्तार किया गया है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे अग्रिम कार्रवाई हेतु अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के समक्ष भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।

 

Exit mobile version