Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

जानकारी के अनुसार गांव निवासी रामायण सिंह के घर में रात के करीब दो बजे चोरी की भनक लगी। उनकी पत्नी ने घर का मुख्य दरवाजा खुला देखा तो शोर मचाया। परिवार के लोग जब अंदर पहुंचे तो पीछे का दरवाजा खुला मिला और छत से किसी के कूदकर भागने की आवाज सुनाई दी। इसके बाद जब कमरों की जांच की गई तो तीन कमरों में रखी तिजोरी, गोदरेज और बक्सों के ताले टूटे मिले। पीड़ित परिवार के मुताबिक चोर करीब 600 से 700 ग्राम सोने के जेवर, लगभग 700 ग्राम चांदी के बर्तन तथा 1 लाख 60 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। चोरी हुए सामान में हार, कंगन, झुमका, मंगलसूत्र, अंगूठी, नथिया, लॉकेट समेत कई कीमती आभूषण शामिल हैं। परिवार ने चोरी गए सामान की कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई है।
इसी गांव में दूसरी वारदात शिव बचन सिंह के घर हुई। उनके पुत्र शशांक सिंह ने बताया कि पड़ोस में शोर सुनकर जब परिवार नीचे पहुंचा तो कमरों की कुंडी बाहर से बंद मिली और मुख्य दरवाजे को कपड़े की रस्सी से बांध दिया गया था। चोर घर में रखे गोदरेज और बक्सों का लॉक तोड़कर लगभग 450 ग्राम सोना, 250 ग्राम चांदी और 10 हजार रुपये नगद लेकर भाग निकले। वहीं दयाद लक्ष्मीना कुंवर के घर से भी करीब 50 लाख रुपये मूल्य के गहने और नकदी चोरी होने की बात सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही करमचट थाना पुलिस, डीआईओ टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। हालांकि खोजी कुत्ते को कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका। करमचट थानाध्यक्ष पंकज कुमार पासवान ने बताया कि पीड़ित परिवारों से आवेदन लिया जा रहा है तथा मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।