Bihar, कैमूर: उधार में दिए गए पैसे की मांग करने पर एक विवाहिता की हत्या कर शव फेंक दिए जाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला कैमूर जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र से जुड़ा हुआ है, जहां मृतका के पति की शिकायत पर चार लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

जानकारी के अनुसार भगवानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पड़री की निवासी सावित्री देवी द्वारा उधार में दिए गए 25 हजार रुपये वापस मांगे जाने से नाराज होकर आरोपियों ने हत्या की वारदात को अंजाम दिया। मृतका के पति ददन पांडेय द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की।
प्राप्त विवरण के मुताबिक 3 नवंबर 2025 को लाले तिवारी, विग्गू तिवारी, बमबम पांडेय उर्फ लव पांडेय एवं डमडम पांडेय मृतका के दरवाजे पर पहुंचे और सावित्री देवी को बाहर बुलाया। बाहर आने पर सावित्री देवी ने लाले तिवारी से अपने दिए गए उधार के पैसे वापस मांगे। इस पर लाले तिवारी ने बैंक चलकर पैसा देने की बात कही।
इसके बाद सावित्री देवी बमबम पांडेय के साथ एक बाइक पर बैठकर बैंक के लिए निकली, जिसे विग्गू तिवारी चला रहा था। वहीं, लाले तिवारी और झाझू तिवारी दूसरी बाइक पर उनके पीछे-पीछे बैंक की ओर रवाना हुए।
उसी दिन शाम को सावित्री देवी का शव चैनपुर थाना क्षेत्र के गांगोडीह सरैया गांव से बरामद किया गया। घटना के बाद मृतका के पति द्वारा चैनपुर थाना में चारों आरोपियों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद सभी आरोपी फरार चल रहे थे। इसी बीच लगभग एक सप्ताह पूर्व आरोपियों ने पीड़ित पति ददन पांडेय पर केस वापस लेने का दबाव बनाया और इनकार करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। इस संबंध में पीड़ित द्वारा भभुआ एसडीपीओ से न्याय की गुहार लगाई गई थी।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भगवानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मरची निवासी बमबम पांडेय उर्फ लव पांडेय को गिरफ्तार कर लिया है।
इस मामले में थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि हत्या कांड में फरार चल रहे आरोपियों में से एक को गिरफ्तार किया गया है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।