Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के कंचनपुर गांव निवासी दीपक कुमार तथा गंगा ब्रिज थाना क्षेत्र के तेरसिया वार्ड संख्या-4 निवासी सामू कुमार के रूप में हुई है। दोनों से पूछताछ के बाद पुलिस ने शराब तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। मद्य निषेध विभाग के अनुसार शनिवार देर रात गुप्त सूचना के आधार पर मोहनियां के अकोढ़ी गांव के समीप स्थित समेकित जांच चौकी पर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान यूपी की तरफ से आ रही एक संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान कार की डिग्गी में छिपाकर रखी गई 305 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई।
पुलिस ने मौके पर ही दोनों युवकों को गिरफ्तार कर कार को जब्त कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि शराब की खेप बिहार के अलग-अलग इलाकों में पहुंचाई जानी थी। उत्पाद अधीक्षक गौतम कुमार ने बताया कि गिरफ्तार तस्करों के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही इस धंधे से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।