Home जमुई 50 हजार की रिश्वत लेते EO गिरफ्तार, निगरानी टीम के जाल में...

50 हजार की रिश्वत लेते EO गिरफ्तार, निगरानी टीम के जाल में फंसे संतोष कुमार

EO को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। पीएम आवास योजना में घूस मांगने का आरोप।

जमुई/सिकंदरा (बिहार) — नगर पंचायत सिकंदरा में मंगलवार को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई देखने को मिली, जब निगरानी विभाग की टीम ने कार्यपालक पदाधिकारी (EO) संतोष कुमार को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया। इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

50 हजार घूस लेते EO संतोष कुमार गिरफ्तार

सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई एक शिकायत के आधार पर की गई थी। सिकंदरा निवासी राजेश कुमार मिश्रा ने निगरानी विभाग से शिकायत की थी कि प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े फाइलों को पास कराने के एवज में प्रति फाइल 2500 रुपये की दर से कुल 1,62,500 रुपये की मांग की जा रही है। साथ ही, रिश्वत नहीं देने पर काम रोकने की धमकी भी दी गई थी।
शिकायत की जांच के बाद निगरानी टीम ने जाल बिछाया और तय योजना के तहत जैसे ही संतोष कुमार ने 50 हजार रुपये की पहली किस्त ली, उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। इस दौरान स्वच्छता साथी सोनू कुमार को भी ट्रैप किया गया।

गिरफ्तारी के बाद दोनों को सिकंदरा थाना लाया गया, जहां निगरानी डीएसपी समेत अन्य अधिकारी देर शाम तक पूछताछ करते रहे। अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ में कई अहम खुलासे हो सकते हैं और इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि संतोष कुमार बीपीएससी 67वीं बैच के अधिकारी हैं और हाल ही में सितंबर 2025 में पूर्णिया जिले के अमौर नगर पंचायत से स्थानांतरित होकर सिकंदरा आए थे।
गौरतलब है कि सिकंदरा क्षेत्र में इससे पहले भी कई अधिकारी निगरानी के शिकंजे में आ चुके हैं। इस ताजा कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में खलबली मच गई है और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्ती के संकेत साफ नजर आ रहे हैं।

Exit mobile version