Home चैनपुर धान की कटाई करने आए 26 वर्षीय मजदूर की अचानक बिगड़ी तबीयत,...

धान की कटाई करने आए 26 वर्षीय मजदूर की अचानक बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में मौत से मचा हड़कंप

कैमूर के परसिया गांव में धान की कटाई करने आए मजदूर की संदिग्ध मौत, पोस्टमार्टम

Bihar: कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के परसिया गांव में धान की कटाई करने आए एक 26 वर्षीय मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। अचानक पेट में दर्द होने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन और स्थानीय लोग उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मजदूर के साथ काम कर रहे लोगों और परिजनों में अफरातफरी मच गई।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS news

मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के चोपन निवासी संतलाल के 26 वर्षीय पुत्र लाल देव कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, लाल देव कुमार करीब एक सप्ताह पहले परसिया गांव निवासी सुनील कुमार शर्मा के यहां धान की कटाई करने के लिए आया था। वह अन्य मजदूरों के साथ खेतों में कटनी का काम कर रहा था। बताया जाता है कि शुक्रवार की देर रात अचानक उसके पेट में तेज दर्द होने लगा। तबीयत बिगड़ने पर उसे तत्काल चैनपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए भभुआ सदर अस्पताल रेफर कर दिया। इसके बाद उसे सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. श्याम कांत ने स्वास्थ्य जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। शनिवार की सुबह करीब 10 बजे परिजन सदर अस्पताल पहुंचे। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह

मामले की सूचना मिलने पर भभुआ थाना की पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और शव का पंचनामा तैयार करने के बाद पोस्टमार्टम कराया। पुलिस के अनुसार, फिलहाल मजदूर की मौत के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।

Exit mobile version