Home कुदरा 100 ग्राम से अधिक हेरोइन के साथ तीन युवक दबोचे गए, पुलिस...

100 ग्राम से अधिक हेरोइन के साथ तीन युवक दबोचे गए, पुलिस ने बाइक और नकदी भी की जब्त

कैमूर में 100.94 ग्राम हेरोइन के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, बाइक और नकदी बरामद

Bihar: कैमूर जिले के कुदरा थाना पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 100.94 ग्राम हेरोइन के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक अपाचे मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन तथा 3,954 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपितों में जमुनीपुर निवासी अशोक कुमार, कझारघट निवासी गोरख कुमार उर्फ गोरख मल्लाह तथा चंदन कुमार शामिल हैं। शनिवार को अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में मोहनियां एसडीपीओ गोपाल कृष्णा ने बताया कि शुक्रवार शाम कुदरा थाना के सब इंस्पेक्टर मो. इरफान रजा को गश्ती के दौरान सूचना मिली थी कि तीन व्यक्ति एक काले रंग की अपाचे मोटरसाइकिल से भारी मात्रा में हेरोइन लेकर रामपुर-विश्रामपुर मार्ग से कुदरा की ओर जा रहे हैं।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

सूचना मिलने के बाद स्थानीय दंडाधिकारी सह राजस्व अधिकारी की मौजूदगी में विशेष टीम गठित कर जीटी रोड से दक्षिण स्थित रामपुर-विश्रामपुर ग्रामीण सड़क पर वाहन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान पुलिस को देखकर बाइक सवार तीनों युवक भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर चंदन कुमार के पास से 50.50 ग्राम तथा गोरख कुमार के पास से 50.44 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके अलावा उनके पास से 3,954 रुपये नकद भी जब्त किए गए। पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने मोहनियां निवासी सोनू अंसारी से एक लाख रुपये में हेरोइन खरीदी थी और उसे बेचने के उद्देश्य से ले जा रहे थे। पुलिस ने तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मामले में नामजद मुख्य सप्लायर सोनू अंसारी फिलहाल फरार है। उसके साथ ही जब्त मोटरसाइकिल के मालिक के विरुद्ध भी एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित गोरख कुमार उर्फ गोरख मल्लाह का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से रहा है। वर्ष 2019 से अब तक उसके खिलाफ कुदरा थाने में पांच आपराधिक मामले दर्ज किए जा चुके हैं। इनमें से दो मामलों में पुलिस आरोप पत्र भी न्यायालय में समर्पित कर चुकी है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच कर रही है।

 

Exit mobile version