Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

सफर के दौरान गायब हुआ था यात्री का बैग
आरपीएफ से मिली जानकारी के अनुसार, 26 अगस्त की सुबह करीब 4:30 बजे ट्रेन संख्या 13307 अप गंगा सतलुज एक्सप्रेस के ए-02 कोच में धनबाद से वाराणसी की यात्रा कर रहे यात्री राजेश कुमार श्रीवास्तव का बैग कुदरा स्टेशन के आसपास चोरी हो गया था। बैग में कीमती इलेक्ट्रॉनिक सामान के साथ जरूरी दस्तावेज और नकदी रखी थी।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट सासाराम के प्रभारी निरीक्षक राकेश रंजन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपित की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की।
स्टेशन पर घेराबंदी, संदिग्ध युवक पकड़ाया
टीम में उप निरीक्षक अश्वनी कुमार, प्रधान आरक्षी शशि कुमार और बीरेंद्र कुमार सिंह को शामिल किया गया। टीम कुदरा स्टेशन पहुंची और संदिग्ध गतिविधियों को लेकर जांच व चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान टीम की नजर एक संदिग्ध युवक पर पड़ी। पूछताछ और जांच के बाद उसकी पहचान चंद्र प्रकाश के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से यात्री का चोरी हुआ सामान बरामद कर लिया गया।
लैपटॉप और चार मोबाइल समेत ये सामान मिले
आरपीएफ के अनुसार आरोपित के पास से एक एचपी लैपटॉप, चार मोबाइल फोन, लैपटॉप चार्जर, पेनड्राइव, पर्स, चश्मा, 4,800 रुपये नकद, बैंक एटीएम कार्ड और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए। बरामद सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है। सामान बरामद होने के बाद संबंधित यात्री राजेश कुमार श्रीवास्तव को बुलाकर उसकी पहचान कराई गई, जिसमें यात्री ने सामान को अपना बताया।
आगे की कार्रवाई के लिए GRP को सौंपा गया
गिरफ्तार आरोपित और बरामद सामान को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी सासाराम के हवाले कर दिया गया है। आरपीएफ की त्वरित कार्रवाई से ट्रेन में चोरी की घटना के कुछ ही घंटों के भीतर सामान बरामद होने और आरोपित की गिरफ्तारी से यात्रियों को बड़ी राहत मिली है।