Homeमोहनियासिलौंधा मोड़ पर डंपर ने 9वीं की छात्रा को रौंदा, मौके पर...

सिलौंधा मोड़ पर डंपर ने 9वीं की छात्रा को रौंदा, मौके पर मौत, मुआवजे की मांग पर दो घंटे सड़क जाम

कैमूर में डंपर ने 9वीं की छात्रा को रौंदा, मौके पर मौत, सड़क जाम

Bihar: कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह स्कूल जाने के दौरान सड़क हादसे में 9वीं कक्षा की छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। सिलौंधा मोड़ के पास एनएच-319 पर गिट्टी लदा तेज रफ्तार डंपर ओवरटेक करने के दौरान अनियंत्रित होकर साइकिल सवार छात्रा पर पलट गया। डंपर के नीचे दबने से छात्रा ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक डंपर छोड़कर मौके से फरार हो गया। मृतका की पहचान मोहनिया थाना क्षेत्र के कैथियां गांव निवासी धन्नू कुमार सिंह की पुत्री खुशी कुमारी के रूप में हुई है। उसकी उम्र परिजनों के अनुसार 12 से 13 वर्ष के बीच बताई गई है। खुशी उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय कटरा कलां में 9वीं कक्षा की छात्रा थी और मंगलवार सुबह रोज की तरह साइकिल से स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

मृतका के परिजन अरविंद कुमार यादव ने बताया कि मंगलम इंटरनेशनल स्कूल और शिलौंधा गांव के बीच एनएच-319 पर डंपर चालक ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान डंपर अनियंत्रित होकर छात्रा पर पलट गया। डंपर के नीचे दबने से खुशी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद छात्रा का शव सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरा, जबकि डंपर सड़क पर ही पलट गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। ग्रामीणों ने छात्रा के परिजनों को सूचना दी। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। इधर, आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने मुआवजे तथा सड़क सुरक्षा की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। जाम के कारण एनएच पर दोनों ओर वाहनों और एंबुलेंस की लंबी कतार लग गई।

सूचना मिलने पर मोहनिया थाना प्रभारी आलोक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कुदरा प्रखंड विकास पदाधिकारी शांभवी श्रीवास्तव भी मौके पर पहुंचीं और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। प्रशासन की ओर से नियमानुसार तत्काल 20 हजार रुपये की सहायता राशि का चेक मृतका के पिता को सौंपा गया। आर्थिक सहायता मिलने और प्रशासनिक आश्वासन के बाद करीब दो घंटे बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। मोहनिया थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में छात्रा की मौत हुई है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल डंपर को जब्त कर लिया है। शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। हादसे के बाद फरार चालक की तलाश की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। स्कूल जाने के दौरान छात्रा की मौत से कैथियां गांव और आसपास के इलाके में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच के साथ फरार चालक की तलाश में जुटी है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments