Home कैमूर शारदीय नवरात्र में मां मुंडेश्वरी धाम में श्रद्धालुओं को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

शारदीय नवरात्र में मां मुंडेश्वरी धाम में श्रद्धालुओं को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

शारदीय नवरात्र में मां मुंडेश्वरी धाम में बेहतर सुविधाओं की तैयारी

Bihar: कैमूर, आगामी शारदीय नवरात्र को लेकर मां मुंडेश्वरी धाम में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नवरात्र के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के धाम पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में मां मुंडेश्वरी धार्मिक न्यास समिति एवं संबंधित प्रशासनिक पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

बैठक में पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था, यातायात, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ नवरात्र शुरू होने से पहले सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए मां मुंडेश्वरी धाम पहुंचने वाले मार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए रूट चार्ट तैयार किया गया है। इसके तहत चिन्हित स्थानों पर वाहन पार्किंग, ड्रॉप गेट और नो-इंट्री प्वाइंट बनाए जाएंगे, ताकि वाहनों के दबाव के कारण जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। श्रद्धालुओं के लिए मंदिर परिसर और पहुंच मार्ग पर पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए वाटर टैंकर, स्थायी प्याऊ और आरओ जल काउंटर लगाए जाएंगे। कतार में खड़े श्रद्धालुओं को भी पेयजल उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

नवरात्र के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने के लिए विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मंदिर परिसर, सीढ़ी मार्ग, प्रवेश एवं निकास द्वार तथा पार्किंग स्थलों पर अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। निगरानी के लिए कंट्रोल रूम स्थापित कर 24 घंटे सीसीटीवी के माध्यम से स्थिति पर नजर रखी जाएगी। इसके अलावा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, महिला पुलिस बल और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर मंदिर परिसर में आपातकालीन चिकित्सा शिविर लगाया जाएगा। यहां आवश्यक जीवनरक्षक दवाइयों के साथ मेडिकल टीम और एंबुलेंस की तैनाती रहेगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके। बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने कहा कि मां मुंडेश्वरी धाम बिहार के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है। नवरात्र के दौरान यहां आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभागों को निर्धारित समय सीमा में अपनी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया गया है।

 

Exit mobile version