Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

बिना लाइसेंस नहीं लगेगा पंडाल
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सभी पूजा समितियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर विधिवत लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा। बिना अनुमति के किसी भी पंडाल या आयोजन का संचालन नहीं किया जा सकेगा। भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए प्रमुख पूजा पंडालों में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य किया गया है। इसके साथ ही पंडालों में पर्याप्त अग्निशमन उपकरण भी उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं।
डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध, लाउडस्पीकर के लिए भी नियम
दुर्गा पूजा और प्रतिमा विसर्जन के दौरान डीजे के इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। वहीं लाउडस्पीकर का उपयोग निर्धारित डेसिबल सीमा और प्रशासन द्वारा तय समय सीमा के भीतर ही किया जा सकेगा।
महिला और बाल सुरक्षा पर विशेष जोर
पूजा समितियों को पहचान-पत्र वाले सक्रिय स्वयंसेवकों की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया गया है। स्वयंसेवक भीड़ नियंत्रण के साथ महिला और बाल सुरक्षा में सहयोग करेंगे तथा असामाजिक तत्वों पर नजर रखने में प्रशासन की मदद करेंगे।
सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी
प्रशासन ने सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखने की बात कही है। साइबर सेल द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर 24 घंटे नजर रखी जाएगी। भ्रामक खबर, अफवाह या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट प्रसारित करने वालों के खिलाफ त्वरित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
साफ-सफाई, रोशनी और बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश
जिला पदाधिकारी ने नगर निकायों और विद्युत विभाग को पूजा पंडालों के आसपास विशेष साफ-सफाई और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही लटकते बिजली के तारों की मरम्मत और अन्य आवश्यक कार्य जल्द पूरा करने को कहा गया है।
पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारी होंगे तैनात
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान जिले में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। असामाजिक तत्वों और हुड़दंगियों पर विशेष नजर रखी जाएगी तथा कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने जिलेवासियों, शांति समिति और सभी पूजा समितियों से प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और गरिमापूर्ण तरीके से संपन्न कराने में सहयोग की अपील की है।