Homeचैनपुरशादी के एक माह के भीतर नवविवाहिता की मौत, मां ने पति...

शादी के एक माह के भीतर नवविवाहिता की मौत, मां ने पति समेत तीन पर दर्ज कराया हत्या का मामला

कैमूर: शादी के 27 दिन बाद नवविवाहिता की मौत, मां ने पति समेत तीन पर दर्ज कराया हत्या का केस

Bihar: कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के अमांव गांव में विवाह के महज 27 दिन बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। मृतका की मां ने अपनी बेटी की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए पति, सास और ससुर के विरुद्ध चैनपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका सरिता कुमारी की मां पूना देवी, निवासी शाहपुर लाठियां, जिला गाजीपुर (उत्तर प्रदेश) ने थाना में दिए आवेदन में बताया है कि उनकी पुत्री का विवाह 5 मई 2026 को अमांव गांव निवासी किशन बिंद, पिता राजेंद्र बिंद के साथ हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार हुआ था।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

आवेदन में आरोप लगाया गया है कि विवाह के बाद से ही उनकी पुत्री के साथ ससुराल पक्ष द्वारा छोटी-छोटी बातों को लेकर मारपीट और प्रताड़ना की जा रही थी। मां का आरोप है कि दामाद किशन बिंद का किसी अन्य युवती के साथ अवैध संबंध था और वह अक्सर उससे मोबाइल पर बातचीत करता था। जब सरिता ने इसका विरोध किया तो पति, सास और ससुर उसके साथ दुर्व्यवहार करने लगे। मृतका की मां के अनुसार घटना वाले दिन दोपहर करीब 2 बजे सरिता ने फोन कर अपने साथ हो रही मारपीट की जानकारी दी थी। इसके बाद करीब 3:30 बजे उसने दोबारा फोन कर कहा कि, “जल्दी आ जाइए, नहीं तो ये लोग मुझे जान से मार देंगे।” परिजन जब बेटी के ससुराल पहुंचे तो उसका शव घर में रखा हुआ मिला। परिजनों का आरोप है कि शव पर चोट के निशान थे तथा गले पर फंदे का निशान भी दिखाई दे रहा था।

इन्हीं आरोपों के आधार पर पूना देवी ने पति किशन बिंद, ससुर राजेंद्र बिंद एवं सास राधिका देवी के विरुद्ध हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है। इस संबंध में चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में प्राप्त आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले में कार्रवाई करते हुए मृतका के पति किशन बिंद को गिरफ्तार कर लिया गया है। मेडिकल जांच के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments