Home मोहनिया मोहनियां अनुमंडल अस्पताल का सिविल सर्जन ने किया निरीक्षण, गंदगी देख भड़के

मोहनियां अनुमंडल अस्पताल का सिविल सर्जन ने किया निरीक्षण, गंदगी देख भड़के

सिविल सर्जन ने निरीक्षण किया। साफ-सफाई व अव्यवस्था पर नाराजगी

कैमूर (भभुआ): एक तरफ बिहार सरकार सरकारी अस्पतालों की व्यवस्था बेहतर होने के दावे कर रही हो, जबकि जमीनी हकीकत इससे अलग है। ताजा मामला कैमूर जिले के मोहनियां अनुमंडल अस्पताल का है, जहां निरीक्षण के दौरान अस्पताल में व्याप्त गंदगी और कर्मियों की लापरवाही देखकर कैमूर सिविल सर्जन भड़क उठे।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

सिविल सर्जन निरीक्षण

निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर, वार्डों और अन्य विभागों में साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब पाई गई। इस पर सिविल सर्जन ने अस्पताल के अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए जल्द से जल्द व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि तय समय में सुधार नहीं हुआ तो संबंधित कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

यह पहली बार नहीं है जब मोहनियां अनुमंडल अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल उठे हों। इससे पहले जिलाधिकारी (डीएम) भी अस्पताल का निरीक्षण कर चुके हैं और कई आवश्यक निर्देश दिए थे, लेकिन उन निर्देशों का अनुपालन नहीं होने से स्थिति जस की तस बनी हुई है।

गौरतलब है कि मोहनियां से होकर राष्ट्रीय राजमार्ग गुजरता है, जिस कारण सड़क दुर्घटनाओं के मामले अक्सर सामने आते रहते हैं। इसके अलावा प्रतिदिन सैकड़ों मरीज इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल पहुंचते हैं। ऐसे में अस्पताल में अव्यवस्था और गंदगी का होना स्वास्थ्य सेवाओं पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

इस संबंध में कैमूर सिविल सर्जन डॉ. चंदेश्वरी रजक ने बताया कि समय-समय पर जिले के सभी सरकारी अस्पतालों का निरीक्षण किया जाता है। इसी क्रम में मोहनियां अनुमंडल अस्पताल का निरीक्षण किया गया, जहां साफ-सफाई समेत कई खामियां पाई गई हैं। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि जल्द से जल्द व्यवस्था सुधारें, अन्यथा कार्रवाई तय है।

Exit mobile version