Home भभुआ मोकरी गांव के पोखरे के पास बोरियों में मिले हजारों आधार कार्ड...

मोकरी गांव के पोखरे के पास बोरियों में मिले हजारों आधार कार्ड और बैंक दस्तावेज, डाक विभाग की कार्यशैली पर उठे सवाल

कैमूर: पोखरे के पास मिले हजारों आधार कार्ड और बैंक दस्तावेज, डाक विभाग पर उठे

Bihar: कैमूर, सरकारी विभागों की लापरवाही का एक हैरान करने वाला मामला कैमूर जिले के भभुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत मोकरी गांव में सामने आया है। यहां गांव के पुराने पोखरे के समीप दो बोरियों में बड़ी संख्या में आधार कार्ड, एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक और चेकबुक फेंके हुए मिले। मंगलवार की सुबह ग्रामीणों की नजर जब इन बोरियों पर पड़ी और उन्हें खोलकर देखा गया तो अंदर भरे बैंकिंग एवं डाक विभाग से जुड़े दस्तावेज देखकर लोग दंग रह गए। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि डाक विभाग के कर्मियों ने लोगों तक दस्तावेज पहुंचाने की जिम्मेदारी से बचने के लिए इन्हें यहां फेंक दिया है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

दो बोरियों में भरे मिले हजारों लोगों के दस्तावेज

मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार की सुबह मोकरी गांव के कुछ ग्रामीण खेत की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान पुराने पोखरे के पास उन्हें दो बोरियां फेंकी हुई दिखाई दीं। जब ग्रामीणों ने बोरियों को खोलकर देखा तो उसमें बड़ी संख्या में आधार कार्ड, एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक और चेकबुक रखे हुए थे। ग्रामीणों के मुताबिक, बरामद दस्तावेज मोकरी पंचायत के विभिन्न लोगों के नाम से जुड़े हैं। पूर्व मुखिया जयशंकर बिहारी और ग्रामीण तेज बहादुर सिंह ने बताया कि बोरियों में करीब 10 हजार तक दस्तावेज होने का अनुमान है। मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने तत्काल भभुआ थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी दस्तावेजों को अपने कब्जे में लेकर थाने ले गई।

डाक विभाग की लापरवाही का आरोप, ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग

घटना को लेकर ग्रामीणों में काफी नाराजगी है। उनका कहना है कि जिन लोगों के आधार कार्ड, एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक और चेकबुक तैयार होकर डाक विभाग के माध्यम से पहुंचे थे, उन्हें संबंधित लाभुकों तक पहुंचाया जाना चाहिए था। इसके बजाय इतनी बड़ी संख्या में महत्वपूर्ण दस्तावेजों को पोखरे के पास फेंक देना गंभीर लापरवाही है। ग्रामीणों ने वरीय अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वाले कर्मियों एवं संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

डाक विभाग के सर्किल इंस्पेक्टर ने जांच का दिया भरोसा

मामले को लेकर भभुआ पोस्ट ऑफिस के सर्किल इंस्पेक्टर चंद्रभूषण प्रसाद से संपर्क किया गया। उन्होंने फोन पर बताया कि मोकरी गांव में बड़ी संख्या में आधार कार्ड, एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक और चेकबुक फेंके जाने की जानकारी मिली है। मामले को गंभीरता से लिया गया है। इसकी जांच कराई जाएगी और जो भी कर्मी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, वह इस मामले में कैमरे के सामने कुछ भी बोलने से बचते नजर आए।

एसडीएम ने कहा- जांच के बाद होगी कार्रवाई

वहीं, भभुआ एसडीएम अमित कुमार ने बताया कि मोकरी गांव में एक बोरे के करीब आधार कार्ड, एटीएम कार्ड सहित डाकघर से जुड़े कई दस्तावेज फेंके जाने की सूचना मिली है। पुलिस के माध्यम से सभी सामान को उठाकर थाने लाया गया है। जिला प्रशासन इस पूरे मामले की जांच कराएगा। जांच में जिस भी स्तर पर लापरवाही सामने आएगी, उसके अनुसार संबंधित कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि हजारों लोगों के महत्वपूर्ण दस्तावेज आखिर किसकी जिम्मेदारी में थे और उन्हें लाभुकों तक पहुंचाने के बजाय पोखरे के पास किसने फेंका? प्रशासनिक जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी।

 

Exit mobile version