Home मोहनिया मुठानी में रेलवे सिग्नल केबल चोरी का पर्दाफाश, बोरी में केबल लेकर...

मुठानी में रेलवे सिग्नल केबल चोरी का पर्दाफाश, बोरी में केबल लेकर जाते तीन पकड़े गए, पूछताछ में दो बार केबल काटने की बात कबूली

मुठानी में रेलवे सिग्नल केबल चोरी का खुलासा, किशोर समेत 3 गिरफ्तार

Bihar: कैमूर जिले के मोहनियां नगर क्षेत्र स्थित मुठानी रेलवे स्टेशन के पास रेलवे सिग्नल केबल चोरी के मामले का रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने खुलासा कर दिया है। मामले में आरपीएफ की टीम ने एक किशोर समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया रेलवे सिग्नल केबल भी बरामद किया गया है। आरपीएफ इंस्पेक्टर सासाराम राकेश रंजन के अनुसार, 30 और 31 जुलाई को मुठानी स्टेशन के समीप सिग्नल एस-11 अप रिवर्सिबल का 12 कोर और छह कोर वाला करीब आठ-आठ मीटर केबल काटकर चोरी कर लिया गया था। घटना के बाद रेलवे सिग्नल स्टाफ ने वैकल्पिक केबल जोड़कर व्यवस्था को बहाल किया।    
NS News

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

घटना की सूचना मिलने के बाद एसआईएम मुठानी ओम प्रकाश सिंह ने सिग्नल केबल चोरी से संबंधित लिखित प्रतिवेदन आरपीएफ को दिया। इसके आधार पर आरपीएफ पोस्ट सासाराम में मामला दर्ज कर जांच की जिम्मेदारी भभुआ रोड पोस्ट के उप निरीक्षक रामजी लाल बुनकर को दी गई। जांच के दौरान रेलवे केबल को दोबारा क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना सामने आई। लगातार हो रही घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर आरपीएफ और सीआईबी की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम में उप निरीक्षक रामजी लाल बुनकर, प्रधान आरक्षी अभिषेक कुमार यादव, आरक्षी संतोष कुमार यादव के साथ सीआईबी के उप निरीक्षक संतोष कुमार सिंह, प्रधान आरक्षी विनोद कुमार यादव और आरक्षी अवधेश प्रसाद शामिल थे।

टीम द्वारा इलाके में लगातार निगरानी और छापेमारी अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान शनिवार को घटनास्थल के आसपास तीन संदिग्ध व्यक्ति एक प्लास्टिक की बोरी लेकर जाते दिखाई दिए। आरपीएफ टीम ने तत्काल घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया। बोरी की तलाशी लेने पर उसमें रेलवे का सिग्नल केबल बरामद हुआ। इसके बाद तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कैमूर जिले के बरेज गांव निवासी मंटु राम (25), पिता जोगिंदर राम, संतोष कुमार उर्फ नचक (18), पिता राम अवध राम और 14 वर्षीय सूरज कुमार, पिता जयप्रकाश के रूप में हुई है। आरपीएफ के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने 30 जुलाई की रात करीब नौ बजे और 31 जुलाई की सुबह करीब सात बजे रेलवे सिग्नल केबल काटने की बात स्वीकार की। चोरी किए गए केबल को उन्होंने मुठानी स्टेशन के पश्चिम दिशा में झाड़ियों में छिपाकर रखा था। आरपीएफ ने बरामद केबल को जब्त करते हुए आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की। दो आरोपियों को न्यायिक हिरासत में केंद्रीय कारा गया भेज दिया गया, जबकि नाबालिग आरोपी को पर्यवेक्षण गृह, गया भेजा गया।

 

Exit mobile version