Home चैनपुर मंदिर के पास बैठे व्यक्ति से विवाद, ईंट-पत्थर और रॉड से हमला;...

मंदिर के पास बैठे व्यक्ति से विवाद, ईंट-पत्थर और रॉड से हमला; एक आरोपी गिरफ्तार

चैनपुर के सिरसी में मारपीट, ईंट-पत्थर और रॉड से हमला; एक गिरफ्तार

Bihar: कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के सिरसी गांव में मंदिर के समीप बैठे एक व्यक्ति पर कथित रूप से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने चार लोगों पर गाली-गलौज के बाद ईंट-पत्थर और रॉड से मारपीट करने का आरोप लगाया है। शिकायत मिलने के बाद चैनपुर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू की और एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सिरसी गांव निवासी नेशार खान के पुत्र अफसार खान के रूप में हुई है। पुलिस को दिए आवेदन में अमरजीत कुशवाहा, पिता गुलाब चन्द्र कुशवाहा ने बताया है कि वह गांव स्थित मंदिर के पास बैठा हुआ था। इसी दौरान अफसार खान, रुस्तम खान, गुड्डू खान और भुनेश्वर यादव वहां पहुंचे। आरोप है कि सभी नशे की हालत में थे और वहां पहुंचते ही गाली-गलौज करने लगे। पीड़ित के अनुसार, जब उसने गाली देने से मना किया तो चारों लोगों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इस दौरान ईंट-पत्थर और रॉड का इस्तेमाल किया गया, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद पीड़ित ने चैनपुर थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत दी।

आवेदन के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू की। इसी क्रम में पुलिस ने अफसार खान को गिरफ्तार कर लिया। चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज करने के बाद कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। मेडिकल जांच कराने के बाद गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की कार्रवाई जारी है।

Exit mobile version