Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
पूछताछ में युवकों ने बताया कि वे सनफिक्स का सेवन कर रहे हैं। उनका कहना था कि इस पदार्थ के सेवन से उन्हें नशा होता है और शराब जैसा एहसास होता है। युवकों के बयान के आधार पर पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर आगे की जांच शुरू की। दोनों युवकों की निशानदेही पर पुलिस ने भगवानपुर बाजार स्थित एक गुमटीनुमा दुकान में छापेमारी की। तलाशी के दौरान दुकान से अलग-अलग मात्रा में रखा गया लगभग 3.5 लीटर सनफिक्स बरामद हुआ। मौके से पुलिस ने दुकान संचालक भगवानपुर निवासी मनोज कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी महेंद्र गुप्ता का पुत्र बताया गया है।
नशे का सेवन करते पकड़े गए युवकों की पहचान भगवानपुर थाना क्षेत्र के कुडवा गांव निवासी सरोज मुसहर तथा सोनहन थाना क्षेत्र के भोखरा गांव निवासी मिथुन मुसहर के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सनफिक्स का बढ़ता प्रचलन युवाओं के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है। उनका मानना है कि इस तरह के नशीले पदार्थ स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक हैं और समाज में नशाखोरी को बढ़ावा दे रहे हैं। थानाध्यक्ष शेखर शर्मा ने बताया कि क्षेत्र में नशे के कारोबार और इसके सेवन पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री और सेवन में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में नशा कारोबार से जुड़े लोगों में बेचैनी है।



