Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
मिली जानकारी के अनुसार, भगवानपुर थानाध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा को सूचना मिली थी कि मातर गांव के पास कुछ लोग चोरी के जेवरात की खरीद-बिक्री और बंटवारे के लिए जुटे हुए हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए उनके निर्देश पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई की। पुलिस ने मातर चौक से पारस केवट के घर की ओर जाने वाले रास्ते में छापेमारी की। इस दौरान केवा नहर रोड किनारे दरवाजे के पास खड़े एक टेंपो के समीप मौजूद दस लोगों को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके की तलाशी ली तो एक चौकी पर बिछे बिस्तर के नीचे छिपाकर रखे गए दो पर्स बरामद हुए। पर्स की जांच करने पर उनमें चांदी की एक जोड़ी पायल, एक जोड़ी बिछिया, सोने जैसी धातु से बनी कान की बाली समेत अन्य सामान मिले। बरामद पर्स में से एक पर रोहतास जिले की एक आभूषण दुकान का नाम और पता भी अंकित था। इसके बाद पुलिस ने सभी सामान को जब्त कर लिया।
टेंपो की चाबी पारस केवट के पास से मिली
पुलिस ने घटनास्थल पर खड़े टेंपो को भी जब्त कर लिया। वाहन की चाबी पारस केवट के पास से बरामद हुई। पूछताछ में उसने टेंपो को अपना बताते हुए स्वीकार किया कि पकड़े गए सभी लोग उसी वाहन से वहां पहुंचे थे। हालांकि, वाहन से संबंधित कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
शराब पीने की भी हुई पुष्टि
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दस लोगों में करीब आधा दर्जन के मुंह से शराब पीने की गंध आ रही थी। इसके बाद सभी संदिग्धों की मेडिकल जांच कराई गई, जिसमें कुछ लोगों के शराब सेवन की पुष्टि हुई। गिरफ्तार सभी आरोपी बक्सर जिले के अलग-अलग गांवों के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी आरोपितों को न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया। मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।



