Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनों बच्चियां गांव की सड़क के किनारे खेल रही थीं। इसी दौरान तेज गति से गुजर रही स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित हो गई और बच्चियों को अपनी चपेट में लेते हुए खेत में जा पहुंची। हादसे के बाद आसपास अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायलों की मदद में जुट गए।
घायलों की पहचान बिड्डी गांव निवासी सुभाष राम की पुत्रियां सुनैना कुमारी, काजल कुमारी और राधा कुमारी के रूप में हुई है।
सूचना मिलते ही चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की सहायता से तीनों बच्चियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चैनपुर पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, भभुआ रेफर कर दिया। उधर, पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फरार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।