Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
मामला जमालपुर थाना क्षेत्र के दौलतपुर मोहल्ले का है। जानकारी के अनुसार, छह नवंबर को आरोपित तंत्र-मंत्र और पूजा-पाठ के जरिए बीमारी ठीक करने का दावा करते हुए युवती के घर पहुंचा था। उसने पूजा कराने के लिए आवश्यक सामग्री मंगवाई और इसी दौरान किसी बहाने युवती के स्वजन को घर से बाहर भेज दिया। इसके बाद वह युवती को लेकर एक कमरे में पूजा करने लगा। उसने परिजनों को कमरे में आने से भी मना कर दिया। आरोप है कि कमरे में अकेले रहने के दौरान उसने युवती के साथ जबरन दुष्कर्म किया। पीड़िता बोलने में असमर्थ है, जिसके कारण वह घटना के दौरान शोर नहीं मचा सकी। आरोपित के वहां से जाने के बाद युवती ने इशारों के जरिए अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पीड़िता की मां ने जमालपुर थाने पहुंचकर आरोपित के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वरीय पुलिस पदाधिकारियों की टीम ने पीड़िता के घर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और आवश्यक जांच-पड़ताल की। जमालपुर थानाध्यक्ष पंकज पासवान ने बताया कि सात नवंबर को मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।



