Home चैनपुर पूर्व के विवाद को लेकर वृद्ध महिला पर दामाद ने किया हमला,...

पूर्व के विवाद को लेकर वृद्ध महिला पर दामाद ने किया हमला, ईंट से सिर फोड़ा; चैनपुर थाने में FIR दर्ज

कैमूर: दामाद ने ईंट से हमला कर फोड़ा सास का सिर, चैनपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज

Bihar: कैमूर, रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक मामला कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र से सामने आया है। यहां आपसी विवाद में एक दामाद पर अपनी ही वृद्ध सास के साथ मारपीट करने और ईंट से हमला कर उनका सिर फोड़ने का आरोप लगा है। घटना में महिला गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गईं। पीड़िता के आवेदन पर चैनपुर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

मिली जानकारी के अनुसार, घटना 1 नवंबर 2026 की शाम करीब चार बजे की है। चैनपुर थाना क्षेत्र के अवंखरा गांव निवासी मालती कुंवर, पति स्वर्गीय सोहन गौड़, हाटा बाजार से खरीदारी कर अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान रास्ते में पहले से मौजूद उनके दामाद सुनील गौड़ ने कथित तौर पर उन्हें रोक लिया और पुराने विवाद को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। महिला द्वारा थाने में दिए गए आवेदन के मुताबिक, विवाद के दौरान सुनील गौड़ ने ईंट उठाकर उनके सिर पर वार कर दिया। हमले में उनका सिर फट गया और वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ीं। घटना के बाद आसपास के लोग वहां जुटने लगे, जिसे देखकर आरोपी मौके से फरार हो गया।

पहले भी मिलती रही थी धमकी

पीड़ित मालती कुंवर ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि उनके दामाद सुनील गौड़, पिता स्वर्गीय मुन्ना गौड़, निवासी ग्राम करजांव, पूर्व में भी उनके साथ गाली-गलौज करते रहे हैं। महिला का कहना है कि उन्हें पहले भी जान से मारने की धमकी दी जाती रही थी। इसी पुराने विवाद के कारण उनके साथ मारपीट की घटना को अंजाम दिया गया। घटना के बाद घायल महिला का इलाज कराया गया। उपचार के उपरांत उन्होंने चैनपुर थाने पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी देते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी

इस संबंध में चैनपुर थानाध्यक्ष गिरीश कुमार ने बताया कि महिला के साथ मारपीट के मामले में प्राप्त आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

Exit mobile version