Home कैमूर पुरानी रंजिश पर युवक को मारी गोली, एक आरोपी गिरफ्तार; दो अब...

पुरानी रंजिश पर युवक को मारी गोली, एक आरोपी गिरफ्तार; दो अब भी फरार

कैमूर गोलीकांड में एक आरोपी गिरफ्तार, दो फरार | पूर्व विवाद में युवक को मारी गई थी गोली

Bihar: कैमूर जिले में पुरानी आपसी रंजिश को लेकर हुए गोलीकांड के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य नामजद आरोपी अभी भी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। जानकारी के अनुसार 24 फरवरी 2026 की रात गोराईपुर गांव के रविंद्र कुमार अपने परिचित के यहां शादी का भोज खाकर घर लौट रहे थे।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

मनोरंजन भारती एसडीपीओ
मनोरंजन भारती एसडीपीओ

इसी दौरान रास्ते में सुनसान स्थान पर घात लगाकर बैठे आरोपियों ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने रविंद्र कुमार की छाती में गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को इलाज के लिए वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर भेजा गया, जहां डॉक्टरों के इलाज से उनकी जान बच सकी। इस मामले में भभुआ थाना में गोराईपुर गांव निवासी विजय कुमार बिंद, वंशु बिंद और लल्लन बिंद के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी विजय कुमार बिंद को मोहनिया से गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि घटना में इस्तेमाल किया गया हथियार अभी तक बरामद नहीं हो सका है। शुक्रवार को प्रेस वार्ता के दौरान भभुआ एसडीपीओ मनोरंजन भारती ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों और पीड़ित के बीच पहले से विवाद चल रहा था, जिसके कारण इस घटना को अंजाम दिया गया। साथ ही यह भी जानकारी मिली है कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से चोरी और लूट से जुड़े मामले अन्य जिलों में भी दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस फरार चल रहे बाकी दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

 

Exit mobile version