Home भभुआ कैमूर में क्रिकेट मैच के दौरान चली गोली का 24 घंटे में...

कैमूर में क्रिकेट मैच के दौरान चली गोली का 24 घंटे में खुलासा, जमीनी रंजिश में युवक पर फायरिंग करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

कैमूर: क्रिकेट मैच में गोली चलाने वाले दो आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार, हथियार बरामद

Bihar: कैमूर पुलिस ने भभुआ थाना क्षेत्र के कूड़ासन गांव में क्रिकेट मैच के दौरान हुई गोलीबारी की घटना का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक देशी पिस्टल, एक कट्टा तथा तीन खोखा कारतूस भी बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात के पीछे पुराना जमीनी विवाद मुख्य कारण था। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भभुआ थाना क्षेत्र के उफरवलिया गांव निवासी गुल्लू तिवारी उर्फ गोलू (पुत्र रजनीकांत तिवारी) तथा राहुल तिवारी उर्फ मिथिलेश तिवारी (पुत्र जमुना तिवारी) के रूप में हुई है। दोनों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया गया।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS news

भभुआ एसडीपीओ ओम प्रकाश ने प्रेसवार्ता में बताया कि 9 जुलाई की शाम करीब 5:30 बजे भभुआ थाना को सूचना मिली थी कि कूड़ासन गांव में क्रिकेट मैच के दौरान एक युवक को गोली मार दी गई है। घायल युवक पुनीत तिवारी को पहले सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया। वर्तमान में उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना के बाद घायल के पिता विनायक तिवारी के आवेदन पर भभुआ थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। शिकायत में पुरानी जमीनी रंजिश को लेकर दोनों आरोपियों पर गोली चलाने का आरोप लगाया गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी के निर्देश पर विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। टीम में भभुआ थानाध्यक्ष मुकेश कुमार और डीआईयू की टीम को शामिल किया गया। तकनीकी अनुसंधान और लगातार छापेमारी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को चैनपुर और रतवार क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर उनके घर के पीछे जलकुंभी से ढके स्थान से घटना में प्रयुक्त एक देशी पिस्टल और एक कट्टा बरामद किया गया। पुलिस ने तीन खोखा कारतूस भी जब्त किए हैं। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से जमीनी विवाद चल रहा था। वर्ष 2024 में घायल पुनीत तिवारी पर भी आरोप है कि उसने इन्हीं आरोपियों पर फायरिंग की थी। उसी विवाद की रंजिश में क्रिकेट मैच के दौरान पुनीत तिवारी को निशाना बनाकर गोली चलाई गई। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है।

 

Exit mobile version