Home चैनपुर पंचायत चुनाव 2026: आरक्षण तय करने के लिए 2011 जनगणना आधार, चैनपुर...

पंचायत चुनाव 2026: आरक्षण तय करने के लिए 2011 जनगणना आधार, चैनपुर में प्रक्रिया शुरू

पंचायत चुनाव 2026: आरक्षण निर्धारण के लिए 2011 जनसंख्या आधार, 27 अप्रैल को प्रपत्र-1 जारी

Bihar: कैमूर (चैनपुर), आगामी पंचायत चुनाव 2026 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। आरक्षण निर्धारण की प्रक्रिया के तहत वर्ष 2011 की जनसंख्या को आधार मानते हुए चैनपुर प्रखंड कार्यालय में प्रपत्र-1 का डाटा अपलोड करने का कार्य जारी है।  रिटर्निंग ऑफिसर सह बीडीओ शुभम प्रकाश ने बुधवार को प्रेस वार्ता में बताया कि त्रिस्तरीय पंचायत एवं ग्राम कचहरी के विभिन्न पदों पर आरक्षण तय करने के लिए यह प्रक्रिया अपनाई जा रही है। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 2011 की जनगणना के आंकड़ों के आधार पर ही आरक्षण निर्धारण किया जाएगा।
NS News

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

उन्होंने बताया कि प्रपत्र-1 का प्रारूप प्रकाशन 27 अप्रैल 2026 को किया जाएगा। इसके बाद 27 अप्रैल से 11 मई तक आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। प्राप्त आपत्तियों का निष्पादन भी इसी अवधि में शुरू होकर 14 मई तक पूरा किया जाएगा। यदि किसी व्यक्ति को निष्पादित सूची से असंतोष होता है, तो वह 17 मई 2026 तक अनुमंडल पदाधिकारी के समक्ष अपील कर सकता है। अपील मामलों की सुनवाई 18 मई से 22 मई तक होगी। इसके बाद 25 मई 2026 को प्रपत्र-1 का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा, जबकि 29 मई को इसे जिला गजट में प्रकाशित किया जाएगा।

पूरी प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए प्रखंड निर्वाचन कोषांग का गठन किया गया है। इसमें बीडीओ को रिटर्निंग ऑफिसर, बीपीआरओ को सहायक रिटर्निंग ऑफिसर (एआरओ) बनाया गया है। साथ ही पांच शिक्षकों और पांच कार्यपालक सहायकों की टीम इस कार्य में लगाई गई है। प्रशासन का कहना है कि पारदर्शिता बनाए रखने के लिए हर चरण को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा, ताकि पंचायत चुनाव की प्रक्रिया निष्पक्ष और सुचारु रूप से संपन्न हो सके।

Exit mobile version