Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

जानकारी के अनुसार, भुवालपुर गांव निवासी सुरेंद्र यादव ने चैनपुर थाने में आवेदन देकर बताया कि 8 जून की दोपहर वह अपनी दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान गांव का एक लड़का उनकी दुकान के सामने बैठा हुआ था। कुछ समय बाद जब वह दुकान के पीछे गए और लौटकर आए तो उनका मोबाइल फोन तथा दुकान में रखे 3 हजार रुपये गायब मिले।
आवेदक के अनुसार, घटना के बाद उन्हें उक्त लड़के पर संदेह हुआ। इसके बाद वह उसके घर पहुंचे और परिजनों से पूछताछ की। परिजनों ने चोरी की बात से इनकार किया। इसी बीच जब संदिग्ध बालक की तलाशी ली गई तो उसके पास से मोबाइल फोन और 3 हजार रुपये बरामद होने का दावा किया गया। इसके बाद सुरेंद्र यादव बालक को लेकर चैनपुर थाना पहुंचे और मामले की जानकारी पुलिस को दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी। चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि मोबाइल और नकदी चोरी से संबंधित मामले में प्राप्त आवेदन के आधार पर केस दर्ज किया गया है। नियमानुसार नाबालिग का मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसके बाद उसे बाल न्याय अधिनियम के तहत बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।