Home रामगढ़ दादा के अंतिम संस्कार के बाद गंगा में स्नान करने उतरा युवक...

दादा के अंतिम संस्कार के बाद गंगा में स्नान करने उतरा युवक डूबा, तलाश में जुटी NDRF, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

जमानियां में गंगा में डूबा रामगढ़ का युवक गणेश, NDRF कर रही तलाश

Bihar: कैमूर जिले के रामगढ़ बाजार निवासी एक परिवार पर शनिवार को दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। दादा के अंतिम संस्कार में शामिल होने उत्तर प्रदेश के जमानियां पहुंचे 20 वर्षीय युवक की गंगा नदी में स्नान करने के दौरान डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। देर शाम तक युवक का शव बरामद नहीं हो सका था। मृतक की पहचान रामगढ़ निवासी राजदेव ठठेरा के पुत्र गणेश ठठेरा (20 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही जमानियां पुलिस मौके पर पहुंची और एनडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया। टीम गंगा नदी में युवक की तलाश में जुटी हुई है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

 

 

दादा के अंतिम संस्कार के बाद हुआ हादसा
बताया जाता है कि शुक्रवार की देर रात गणेश के दादा शिव ठठेरा का निधन हो गया था। शनिवार को परिवार के लोग उनका शव अंतिम संस्कार के लिए उत्तर प्रदेश के जमानियां लेकर पहुंचे थे। अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिवार के कुछ सदस्य गंगा नदी में स्नान करने चले गए। इसी दौरान तीन युवक एक साथ गंगा में स्नान कर रहे थे। अचानक गणेश गहरे पानी की ओर चला गया और पानी के तेज बहाव एवं गहराई में फंसकर डूब गया। साथ रहे लोगों ने शोर मचाकर मदद की गुहार लगाई, लेकिन काफी प्रयास के बावजूद उसे बाहर नहीं निकाला जा सका।

चार घंटे तक चला तलाश अभियान
घटना की जानकारी मिलने के बाद यूपी पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद एनडीआरएफ की टीम ने भी नदी में तलाशी अभियान शुरू किया। टीम द्वारा काफी देर तक प्रयास किए जाने के बावजूद शाम तक गणेश का पता नहीं चल सका था। एक ओर परिवार के लोग कुछ घंटे पहले ही शिव ठठेरा के अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी कर लौटने की तैयारी में थे, वहीं दूसरी ओर गणेश के गंगा में डूबने की खबर ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया। जमानियां में गंगा किनारे मौजूद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। रामगढ़ बाजार में भी घटना की जानकारी मिलते ही शोक की लहर दौड़ गई। एक ही परिवार में लगातार दो मौतों की घटना से ठठेरा समाज के लोग भी गहरे सदमे में हैं।

 

Exit mobile version