Bihar | मधेपुरा: जिले में रविवार की रात एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया, जहां तीन नाबालिग लड़कों को कथित तौर पर नरबलि देने की कोशिश का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने एक तांत्रिक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान कन्हैया कुमार, पिता स्वर्गीय बेदी लाल ठाकुर, निवासी पुरानी बाजार भागीरथी रोड, वार्ड संख्या तीन, थाना तेघरा, जिला बेगूसराय के रूप में हुई है। आरोपी को मुरलीगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत पकड़ा गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक धारदार चाकू भी बरामद किया है, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।
बताया जा रहा है कि मुरलीगंज नगर पंचायत के वार्ड संख्या दो से 8, 13 और 16 वर्ष के तीन नाबालिग लड़कों को आरोपी तांत्रिक ने रविवार की शाम चॉकलेट और लालच देकर बहला-फुसलाया। इसके बाद वह उन्हें कुमारखंड थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध चंडीस्थान मंदिर लेकर पहुंचा। रात के समय मंदिर परिसर में तीनों बच्चों को बैठाकर पूजा-पाठ शुरू किया गया।
इसी दौरान एक बच्चे के परिजन किसी तरह मंदिर परिसर तक पहुंच गए और बच्चों को संदिग्ध हालात में देखकर शोर मचाया। शोरगुल सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तांत्रिक को पकड़ लिया। ग्रामीणों ने तुरंत मुरलीगंज थाना को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
परिजनों का आरोप है कि आरोपी पिछले तीन दिनों से इलाके में घूम रहा था और बच्चों को चॉकलेट व अन्य चीजें देकर अपने झांसे में ले रहा था। ग्रामीणों को शक है कि यह पूरी तरह से सुनियोजित साजिश थी।
मुरलीगंज थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और वह बार-बार अपना बयान बदल रहा है। बच्चों के परिजनों के आवेदन के आधार पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।
इस घटना ने एक बार फिर समाज में अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र के नाम पर होने वाले अपराधों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं ग्रामीणों की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया, जिसकी क्षेत्र में सराहना की जा रही है।