Home भोजपुर खैरा चेक पोस्ट पर अवैध वसूली का मामला उजागर, भोजपुर एसपी ने...

खैरा चेक पोस्ट पर अवैध वसूली का मामला उजागर, भोजपुर एसपी ने तीन पुलिसकर्मियों को किया सस्पेंड

भोजपुर के खैरा चेक पोस्ट पर अवैध वसूली, तीन पुलिसकर्मी निलंबित

Bihar: भोजपुर जिले में पुलिस की वर्दी की आड़ में कथित अवैध वसूली का मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। सहार थाना क्षेत्र के खैरा चेक पोस्ट पर ट्रक चालकों से पैसे लेने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद भोजपुर पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है। जांच में आरोप सही पाए जाने पर तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

मामले को लेकर मिली जानकारी के अनुसार, खैरा चेक पोस्ट पर तैनात पुलिसकर्मियों द्वारा ट्रक चालकों से कथित तौर पर अवैध रूप से पैसे वसूले जाने का वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद भोजपुर एसपी अवधेश दीक्षित ने तत्काल संज्ञान लेते हुए मामले की जांच का निर्देश दिया। एसपी के निर्देश पर पीरो अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई। जांच के दौरान वायरल वीडियो और संबंधित तथ्यों की पड़ताल की गई। जांच में दोषी पाए जाने के बाद तीन पुलिसकर्मियों के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की गई।

इन तीन पुलिसकर्मियों पर हुई कार्रवाई

निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में पीटीसी 325 महेंद्र कुमार, सिपाही संख्या 1244 मृत्युंजय राय और सिपाही संख्या 1918 अमित कुमार शामिल हैं। तीनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

पुलिसकर्मियों के आचरण पर एसपी सख्त

इस कार्रवाई के जरिए भोजपुर पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता, भ्रष्ट आचरण और वर्दी की आड़ में अवैध वसूली किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों को सुरक्षा देने की है। ऐसे में पद का दुरुपयोग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले में आगे की विभागीय कार्रवाई जारी है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में स्पष्ट संदेश गया है कि ड्यूटी के दौरान अनुचित गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले कर्मियों को किसी भी स्तर पर संरक्षण नहीं मिलेगा।

Exit mobile version