Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

ग्रामीणों के मुताबिक, छठ महापर्व के पहले दिन व्रतियों और श्रद्धालुओं ने पूरी श्रद्धा के साथ पोखर पर संध्या अर्घ्य दिया था। पूजा संपन्न होने के बाद सभी लोग अपने घर लौट गए। इसी दौरान रात में अज्ञात असामाजिक तत्वों ने छठ घाट को क्षतिग्रस्त कर दिया। अगले दिन जब ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिली तो लोगों में भारी नाराजगी फैल गई। ग्रामीणों ने इसे धार्मिक आस्था से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।
सड़क जाम से आवागमन प्रभावित, अधिकारियों ने संभाली स्थिति
घटना के विरोध में ग्रामीणों द्वारा सड़क जाम किए जाने से बेलौरी-सोनौली मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई। प्रदर्शन में दिलीप कुमार, चुन्नू लाल रजवार, शेखर कुमार रजवार, अनंत रजवार और चंदन ऋषि समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए। सूचना मिलने पर सदर एसडीएम और सदर एसडीपीओ अभिनव पराशर मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों के सहयोग से प्रदर्शनकारियों को समझाने और स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया। वहीं, मुफस्सिल थाना पुलिस भी अतिरिक्त बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। एहतियात के तौर पर इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया।
दोषियों की पहचान कर होगी कानूनी कार्रवाई
मुफस्सिल थानाध्यक्ष विवेक कुमार ने बताया कि छठ घाट को क्षतिग्रस्त किए जाने की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। आरोपितों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की ओर से जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन देते हुए ग्रामीणों से सड़क जाम समाप्त करने की अपील की गई। हालांकि, घटना को लेकर ग्रामीणों में काफी आक्रोश बना हुआ था और वे दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े थे।