Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
नहर के पास पुलिस को देखकर भागने लगा युवक, 161 पीस शराब बरामद
पुलिस के अनुसार, पहली कार्रवाई सतौना हाटा नहर के समीप की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश के इलिया की ओर से एक बाइक के जरिए शराब की खेप लाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में घेराबंदी की। इसी दौरान बाइक से पहुंचे एक युवक ने पुलिस को देखते ही भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस बल ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से 135 पीस ब्लू लाइम देसी शराब, जबकि बाइक की डिक्की से 26 पीस शराब बरामद हुई। पुलिस ने गिरफ्तार युवक की पहचान मनीष कुमार केसरी, पिता सत्यनारायण केसरी के रूप में की है। पूछताछ में उसने कथित तौर पर उत्तर प्रदेश के इलिया से शराब लाकर क्षेत्र में बिक्री करने की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक, उसने दो लोगों द्वारा पुलिस की गतिविधियों की जानकारी देने की बात भी बताई है। इसके बाद पुलिस ने होंडा साइन बाइक को जब्त कर लिया और दोनों कथित लाइनरों की तलाश शुरू कर दी।
मंझुई में घर से मिली 36 पीस शराब
दूसरी कार्रवाई चैनपुर थाना क्षेत्र के मंझुई गांव में हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि रवि कुमार चौधरी, पिता इंद्र चौधरी अपने घर से शराब बेच रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची तो तलाशी के दौरान घर से 36 पीस ब्लू लाइम देसी शराब बरामद हुई। पुलिस ने रवि कुमार चौधरी को गिरफ्तार कर थाने लाया। पूछताछ के दौरान उसके द्वारा शराब बिक्री से संबंधित जानकारी दिए जाने की बात पुलिस ने कही है।
गाजीपुर में बाइक से शराब लाने का खुलासा
तीसरी कार्रवाई गाजीपुर गांव में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि छेदी बिंद, पिता शिवमूरत बिंद शराब की बिक्री कर रहा है। पुलिस के पहुंचने पर घर के अंदर से निकल रहा एक युवक भागने लगा, जिसे पीछा कर पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान लोहे के एक बक्से से 48 पीस ब्लू लाइम देसी शराब बरामद की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में छेदी बिंद ने उत्तर प्रदेश से बाइक के जरिए शराब लाकर क्षेत्र में बिक्री करने की बात बताई। मौके से शराब तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक बाइक भी जब्त की गई। चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि शराब तस्करी और बिक्री से जुड़ी तीन अलग-अलग सूचनाओं पर कार्रवाई की गई। तीनों छापेमारी में कुल 245 पीस ब्लू लाइम देसी शराब बरामद हुई और तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। शराब तस्करी में इस्तेमाल होने वाली दो होंडा साइन बाइक जब्त की गई हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि शराब तस्करी में सहयोग करने वाले दो कथित लाइनरों की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार तीनों आरोपितों को मेडिकल जांच के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।



