Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि खोराड़ीह गांव में यमराज बिंद द्वारा अवैध रूप से महुआ शराब का निर्माण और बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी की। पुलिस को देखते ही यमराज बिंद भागने का प्रयास करने लगा, जिसे सशस्त्र बलों के सहयोग से पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उसके घर से करीब 15 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। मौके से स्टील का बड़ा ड्रम, स्टील की थाली और बड़े आकार का एल्युमिनियम का तसला समेत शराब बनाने के उपकरण जब्त किए गए। वहीं करीब 200 लीटर महुआ पास को पुलिस ने मौके पर ही नष्ट कर दिया।
वहीं दूसरी कार्रवाई मदुरना गांव के समीप वाहन जांच के दौरान की गई। इस दौरान बाइक सवार सत्यानंद सिंह और सुनील यादव को पुलिस ने पकड़ा। तलाशी लेने पर उनके पास से एक 8 पीएम टेट्रा पैक बरामद हुआ। इधर, खोराड़ीह गांव में स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने नशे की हालत में हंगामा कर रहे जितेंद्र कुमार को भी गिरफ्तार किया। थानाध्यक्ष विजय प्रसाद के अनुसार, ग्रामीणों ने सूचना दी थी कि जितेंद्र कुमार नशे में लोगों के साथ गाली-गलौज कर रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसके मुंह से शराब की गंध आने पर जांच कराई गई, जिसमें शराब पीने की पुष्टि हुई। पुलिस ने बताया कि सभी चारों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई। मेडिकल जांच के बाद सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।



