Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
घटना को लेकर डुमरिया गांव निवासी चुनमुन बिंद ने अपने सगे भाई दुर्गा बिंद और उनके तीन पुत्रों के विरुद्ध चैनपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित के आवेदन के मुताबिक, रात करीब 11 बजे उनके भतीजे अक्षय कुमार, बबलू बिंद और धर्मेंद्र बिंद उनके दरवाजे पर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। इस दौरान चुनमुन बिंद के पुत्र मुकेश बिंद ने जब इसका विरोध किया तो तीनों ने उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में मुकेश गंभीर रूप से घायल हो गया।
आरोप है कि बेटे को बचाने के लिए जब चुनमुन बिंद बीच-बचाव करने पहुंचे तो उनके भाई दुर्गा बिंद ने उनके चेहरे पर डंडे से प्रहार कर दिया। इस हमले में उनके चार दांत टूट गए। मारपीट और शोरगुल सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और हस्तक्षेप कर किसी तरह विवाद शांत कराया। घटना के बाद परिजनों ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार कराया गया। इसके बाद पीड़ित ने चैनपुर थाने पहुंचकर अपने भाई और तीन भतीजों के खिलाफ लिखित आवेदन दिया। मामले में चैनपुर थानाध्यक्ष गिरीश कुमार ने बताया कि घायल व्यक्ति के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच में दोषी पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



