Homeकैमूरछठ पर्व से पहले खाद्य सुरक्षा पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, गुड़...

छठ पर्व से पहले खाद्य सुरक्षा पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, गुड़ फैक्ट्री से 250 बोरी स्टॉक जब्त

कैमूर: छठ से पहले गुड़ फैक्ट्री पर छापा, 250 बोरी गुड़ जब्त

Bihar: कैमूर, छठ महापर्व पर प्रसाद के रूप में इस्तेमाल होने वाले गुड़ की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने मिलावट और खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में मोहनिया थाना क्षेत्र के बेलौड़ी गांव स्थित एक गुड़ फैक्ट्री में प्रशासन की संयुक्त टीम ने औचक छापेमारी की। जांच के दौरान फैक्ट्री में कई गंभीर अनियमितताएं उजागर हुईं। इसके बाद मौके से करीब 250 बोरी गुड़ जब्त कर लिया गया।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

NS News

कार्रवाई का नेतृत्व मोहनिया एसडीएम रत्ना प्रियदर्शिनी ने फूड सेफ्टी ऑफिसर के साथ किया। प्रशासन को सूचना मिली थी कि फैक्ट्री में निर्धारित मानकों की अनदेखी कर गुड़ का निर्माण किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के लिए टीम जब फैक्ट्री पहुंची तो वहां साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली। खाद्य पदार्थों के निर्माण और भंडारण में भी कई खामियां सामने आईं। एसडीएम रत्ना प्रियदर्शिनी ने बताया कि फैक्ट्री की पिछली जांच की तुलना में इस बार कुछ हद तक सफाई बेहतर मिली, लेकिन खाद्य सुरक्षा के निर्धारित मानकों के अनुरूप अभी भी कई कमियां मौजूद हैं। जांच के दौरान पीले गुड़ सहित फैक्ट्री में तैयार किए जा रहे गुड़ के नमूने संग्रहित किए गए हैं। जब्त किए गए गुड़ की प्रत्येक बोरी का वजन लगभग 45 किलोग्राम बताया गया है।

मिठाई बनाने के लाइसेंस पर तैयार हो रहा था गुड़

जांच के दौरान सबसे गंभीर अनियमितता लाइसेंस से संबंधित सामने आई। फूड सेफ्टी ऑफिसर के अनुसार, फैक्ट्री संचालक के पास गुड़ निर्माण के लिए वैध लाइसेंस नहीं था। वह मिठाई निर्माण के लाइसेंस के आधार पर गुड़ तैयार कर रहा था, जबकि संबंधित लाइसेंस की वैधता भी समाप्त हो चुकी थी। फैक्ट्री में गंदगी के बीच गुड़ का निर्माण और भंडारण किए जाने की बात भी जांच में सामने आई।

जांच रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई

फिलहाल प्रशासन ने करीब 250 बोरी गुड़ जब्त कर फैक्ट्री परिसर में ही सीज कर दिया है। संग्रहित नमूनों को जांच के लिए भेजा गया है। फूड सेफ्टी ऑफिसर ने बताया कि वरीय अधिकारियों और जिलाधिकारी के निर्देश पर त्योहारों के मद्देनजर विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जांच रिपोर्ट में गुड़ के नमूने खाद्य सुरक्षा मानकों पर खरे नहीं उतरते हैं तो जब्त स्टॉक को नियमानुसार नष्ट कराया जाएगा। साथ ही फैक्ट्री संचालक के विरुद्ध जुर्माना लगाने सहित विधि-सम्मत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। नमूने मानकों के अनुरूप पाए जाने पर ही एफएसएसएआई के दिशा-निर्देशों के तहत आगे की बिक्री को लेकर निर्णय लिया जाएगा।

छठ प्रसाद की शुद्धता पर उठे सवाल

छठ महापर्व में ठेकुआ सहित कई पारंपरिक प्रसाद तैयार करने में गुड़ का इस्तेमाल किया जाता है। ऐसे में त्योहार से ठीक पहले गुड़ निर्माण इकाई में मिली अनियमितताओं ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और आम लोगों की सेहत को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments