Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

आरोप है कि वह पाकिस्तान से भेजे जाने वाले धार्मिक कट्टरता से जुड़े ऑडियो और वीडियो संदेशों को सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म के माध्यम से देश के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचाता था। जानकारी के अनुसार, आंध्र प्रदेश से मिले खुफिया इनपुट के आधार पर स्थानीय पुलिस और खुफिया विभाग की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद एटीएस, आईबी समेत विभिन्न जांच एजेंसियों ने उससे कई घंटों तक पूछताछ की। उसके मोबाइल फोन की जांच में कथित तौर पर कट्टरपंथी विचारधारा से जुड़े कई वीडियो और संदेश मिले हैं। जांच एजेंसियां अब इन डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं।
सोशल मीडिया अकाउंट बंद होने पर बनाए आठ यूट्यूब चैनल
जांच में सामने आया है कि शाहिद अख्तर कथित तौर पर सोशल मीडिया के जरिए आपत्तिजनक सामग्री का प्रसार कर रहा था। शुरुआत में वह फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट का इस्तेमाल करता था। जब उसके अकाउंट पर आपत्तिजनक सामग्री को लेकर कार्रवाई हुई और आईडी ब्लॉक कर दी गई, तो उसने यूट्यूब का सहारा लिया। बताया जाता है कि उसने अलग-अलग समय पर आठ यूट्यूब चैनल बनाए। इन चैनलों के माध्यम से कथित तौर पर धार्मिक कट्टरता से जुड़े वीडियो प्रसारित किए जाते थे। आपत्तिजनक सामग्री के कारण उसके आठों चैनल बंद किए जाने की जानकारी सामने आई है।
पाकिस्तान में बैठे व्यक्ति से संपर्क का आरोप
जांच एजेंसियों के अनुसार, शाहिद अख्तर पाकिस्तान में बैठे अली इमरान नामक व्यक्ति के संपर्क में था। दोनों के बीच संवाद के लिए सिग्नल एप का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है। इसके अतिरिक्त व्हाट्सएप के माध्यम से भी संदेशों का आदान-प्रदान होने की जानकारी मिली है। जांच में यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि पाकिस्तान से संचालित कथित नेटवर्क के साथ उसके संपर्क कितने पुराने थे और देश के अन्य राज्यों में इस नेटवर्क से जुड़े कितने लोग सक्रिय हैं। बंगाल, हैदराबाद समेत कई क्षेत्रों में कथित संपर्कों की जानकारी भी जांच के दायरे में है।
2025 से कट्टरपंथी ग्रुप से जुड़ने की बात आई सामने
पुलिस और खुफिया सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, शाहिद अख्तर वर्ष 2025 से ही एक कथित इस्लामिक कट्टरपंथी ग्रुप से जुड़ा हुआ था। खुफिया इनपुट और डिजिटल गतिविधियों के आधार पर वह केंद्रीय एजेंसियों की निगरानी में आया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एनआईए और बिहार एसटीएफ की टीमें भी पूर्णिया पहुंचीं। केंद्रीय एजेंसियों और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से पूछताछ कर कथित नेटवर्क, उसके संपर्कों और सोशल मीडिया गतिविधियों की जानकारी जुटाई। पूर्णिया के एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन और सदर एसडीपीओ-1 अभिनव परासर ने भी मामले की जानकारी ली और आरोपी से पूछताछ की। फिलहाल जांच एजेंसियां मोबाइल फोन, सोशल मीडिया अकाउंट और डिजिटल संवादों की पड़ताल कर रही हैं। जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि इस कथित नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा देश के विभिन्न हिस्सों में इसकी गतिविधियों का दायरा कितना फैला हुआ है।



