Bihar, कैमूर/चैनपुर: थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दुलहरा में चोरों ने किसान की मेहनत पर हाथ साफ करते हुए खलिहान से 25 बोरी महीन धान की चोरी कर ली। चोरी की यह वारदात उत्क्रमित मध्य विद्यालय दुलहरा के पीछे स्थित खलिहान से की गई, जहां धान को बोरी में भरकर सुरक्षित रखा गया था।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

पीड़ित किसान असित कुमार सिंह, पिता स्वर्गीय छोटू सिंह, ग्राम दुलहरा निवासी हैं। उनके द्वारा चैनपुर थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार, विद्यालय से सटे पूरब दिशा में सड़क किनारे खलिहान में रखे गए महीन धान की 25 बोरियां अज्ञात चोरों ने चुरा लीं।
जब किसान ने अपने स्तर से मामले की छानबीन की, तो जानकारी मिली कि चोरी किया गया धान ग्राम करजी निवासी गुड्डू साह के यहां बेचा गया है। गुड्डू साह से पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि उन्होंने 25 बोरी धान की खरीद की थी और उसे पॉलिसर मशीन में कुटवा भी दिया गया है। साथ ही, गुड्डू साह ने यह भी बताया कि धान बेचने की प्रक्रिया में कुल चार लोग शामिल थे और उन्होंने संबंधित दो मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराए।
मामले को लेकर चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि धान चोरी के संबंध में प्राप्त आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और संलिप्त लोगों की पहचान की जा रही है।