Home कुदरा कैमूर में दर्दनाक सड़क हादसा: एनएच-19 पर बैरियर से टकराया सरिया लदा...

कैमूर में दर्दनाक सड़क हादसा: एनएच-19 पर बैरियर से टकराया सरिया लदा ट्रक, केबिन में घुसे सरिए से चालक-खलासी की मौत

कैमूर सड़क हादसा: एनएच-19 पर सरिया लदा ट्रक बैरियर से टकराया, चालक-खलासी की मौत

Bihar: कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र में गुरुवार की सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर एक भीषण सड़क हादसे में ट्रक चालक और खलासी की मौके पर ही मौत हो गई। पुसौली के समीप पुलिया पर सड़क सुरक्षा के लिए लगाए गए कंक्रीट क्रैश बैरियर से सरिया लदा ट्रक तेज रफ्तार में जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक पर लदा लोहे का सरिया केबिन को चीरते हुए अंदर घुस गया और चालक व खलासी उसकी चपेट में आ गए।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

मृतकों की पहचान झारखंड के गिरिडीह जिले के डुमरी थाना क्षेत्र के बड़की बेरगी गांव निवासी शंकर यादव (पुत्र जगरनाथ यादव) और बगोदर थाना क्षेत्र के कोराडीह गांव निवासी भुवनेश्वर यादव (पुत्र स्वर्गीय देवचंद यादव) के रूप में हुई है। दोनों झारखंड से उत्तर प्रदेश की ओर सरिया लेकर जा रहे थे। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार ट्रक पर करीब 25 क्विंटल लोहे का सरिया लदा था। हादसे के बाद ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और सरिया केबिन में घुसने से दोनों अंदर ही फंस गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही कुदरा थाना पुलिस के सहायक अवर निरीक्षक सती रमण पांडेय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। एनएचएआई की हाईवे पेट्रोलिंग टीम की मदद से राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। सरिया के नीचे दबे दोनों शवों को बाहर निकालने के लिए क्रेन की सहायता लेनी पड़ी। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार हादसा सुबह करीब पांच बजे हुआ। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि ट्रक का मालिक स्वयं वाहन चला रहा था। आशंका है कि चालक को नींद की झपकी आने के कारण ट्रक अनियंत्रित होकर कंक्रीट क्रैश बैरियर से टकरा गया, जिससे यह दर्दनाक दुर्घटना हुई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

 

 

Exit mobile version