Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों में बिधन शर्मा उर्फ राजा बाबू, शंकर शर्मा, घुरपत शर्मा और जुगनू पटेल शामिल हैं, जो शेरपुर गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। मृतक के पुत्र मनीष शर्मा के अनुसार, घटना के दिन वह अपने दोस्त के साथ घर लौट रहे थे, तभी शेरपुर पुल के पास पुराने विवाद को लेकर कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया। गाली-गलौज और मारपीट के बाद मामला बढ़ गया और इसकी सूचना परिजन को दी गई। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने अन्य लोगों को बुलाकर हमला तेज कर दिया। किसी तरह जान बचाकर घर पहुंचे, लेकिन कुछ ही देर बाद 10-12 की संख्या में आरोपी लाठी-डंडा लेकर उनके घर पहुंच गए और हमला शुरू कर दिया।
बताया जाता है कि स्थिति को शांत कराने के लिए नाखडू शर्मा छत पर पहुंचे, लेकिन हमलावर वहां भी चढ़ आए और उन्हें मारपीट कर छत से नीचे फेंक दिया। नीचे मौजूद हमलावरों ने लाठी-डंडा, गड़ांसा और भाला से हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना में उनके बड़े बेटे प्रमोद शर्मा भी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज जारी है। परिजनों द्वारा घायलों को भभुआ सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने नाखडू शर्मा को मृत घोषित कर दिया। मामले को लेकर चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है, चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है और बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इस वारदात के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।



