Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
एसडीपीओ ने बताया कि 6 अगस्त 2026 को दुर्गावती थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के मधुरा गांव निवासी अशोक सिंह अपने गोदामनुमा मकान में भारी मात्रा में गांजा छिपाकर उसकी बिक्री कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर प्रखंड विकास पदाधिकारी दुर्गावती, दुर्गावती थाना पुलिस एवं सशस्त्र बल के जवानों की संयुक्त टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने मधुरा गांव स्थित संदिग्ध गोदाम पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान वहां से 28 पैकेट (कुल 143.040 किलोग्राम) गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को विधिवत जब्त कर लिया तथा मौके से अशोक सिंह (पिता- स्व. फौजदार सिंह) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। प्रेस वार्ता में एसडीपीओ दयानंद कुमार ने बताया कि कैमूर एसपी शिखर चौधरी के निर्देश पर जिले में शराब, गांजा, हेरोइन समेत सभी प्रकार के मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नशे का कारोबार युवाओं के भविष्य को बर्बाद करता है, इसलिए इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने तस्करों को चेतावनी दी है कि यदि वे इस अवैध कारोबार में लिप्त पाए गए तो उनके विरुद्ध कानून के तहत कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



