Home चांद कैमूर के सलौजा में रातभर सक्रिय रहे चोर, लाखों के जेवरात पार;...

कैमूर के सलौजा में रातभर सक्रिय रहे चोर, लाखों के जेवरात पार; गश्ती व्यवस्था पर उठे सवाल

सलौजा गांव में लाखों की चोरी, चांद थाना पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल

लाखों के आभूषण चोरी

Bihar, कैमूर | चांद: जिले के चांद थाना क्षेत्र स्थित सलौजा गांव में शुक्रवार रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों की संपत्ति उड़ा ली। घटना के बाद ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है, वहीं पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होने लगे हैं।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी राधेश्याम सिंह के घर में उस समय परिवार के सदस्य अलग-अलग कमरों में सो रहे थे। राधेश्याम सिंह किसी काम से बनारस गए हुए थे। इसी बीच चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गए। बताया जाता है कि जिस कमरे में कोई नहीं था, वहीं रखी अलमारी और बक्सा तोड़कर करीब तीन लाख रुपये के आभूषण चोरी कर लिए गए।

हैरानी की बात यह है कि घर में सो रहे परिजनों को चोरी की भनक तक नहीं लगी। पीड़ित परिवार ने आशंका जताई है कि चोरों ने संभवतः बेहोशी की दवा का छिड़काव किया होगा, जिससे किसी की नींद नहीं खुली। सुबह घटना की जानकारी होने पर गांव में सनसनी फैल गई। मामले की सूचना पर चांद थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी भागीरथ कुमार ने कहा कि यह किसी संगठित गिरोह का काम प्रतीत होता है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
लगातार हो रही चोरी की वारदातों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। बताया जाता है कि बीते दिनों चांद बाजार से चार ऑटो रिक्शा की बैटरी चोरी, केकड़ा और दिवाने गांव से ट्रांसफार्मर चोरी तथा थाना से महज 400 मीटर दूरी पर जनरेटर चोरी की घटनाएं भी सामने आई हैं।

पिछले दो महीनों में आधा दर्जन से अधिक चोरी की वारदातें हो चुकी हैं, लेकिन अब तक किसी बड़े मामले का उद्भेदन नहीं हो सका है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस संसाधनों और गश्ती व्यवस्था के बावजूद चोरों पर लगाम नहीं लगा पा रही है। डायल 112 की रात्रि गश्त भी बेअसर साबित हो रही है। अब देखना होगा कि पुलिस इस चुनौती से कैसे निपटती है और गांव में भरोसा बहाल कर पाती है या नहीं।

Exit mobile version